दिलीप वर्मा- तिल्दा/नेवरा। छत्तीसगढ़ के तिल्दा में मरम्मत के कुछ दिनों बाद ही फ्लाइओवर ब्रिज फिर से उखड़ने लगी है। जिसने सड़क निर्माण में हुई लापरवाही की पोल खोलकर रख दी है। बीते महीने मंत्री टंक राम वर्मा ने निरिक्षण कर सुधार करने के निर्देश दिए थे। निर्देश के अनुसार काम तो हुआ, लेकिन सड़क ही हालत जस का तस ही है, जिसके चलते अब कई सवाल खड़े हो गए हैं।
बता दे कि, महज सालभर पहले ही सड़क का लोकार्पण हुआ है। सासाहोली रेल्वे केबिन के पास लगभग 6 साल पहले रेल्वे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है। निर्माण के बाद से ही यह ब्रिज काफी विवादों के चलते चर्चाओं में रहा है। वहीं एक बार फिर अपने घटिया निर्माण के चलते यह सड़क सुर्ख़ियों में है।

मंत्री टंक राम वर्मा ने किया था निरिक्षण
मामला सामने आने के बाद मंत्री टंक राम वर्मा भी ब्रिज का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए फटकार भी लगाई थी और काम सही तरीके से करने के लिए कहा था। वहीं अब मरम्मत के लिए रेलवे जोनल सलाहकार समिति के सदस्य दीपक शर्मा की पहल पर मरम्मत शुरू की गई। जिसके बाद दो महीने तक इस फ्लाइओवर ब्रिज को बंद कर मरम्मत कार्य किया गया।
लोगों ने की जांच की मांग
हालत इतनी ख़राब है कि, ब्रिज के बीच- बीच में गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण अब यह रास्ता चलने लायक भी नहीं रहा है। एक सप्ताह बाद ही ब्रिज के मरम्मत की भी पोल खुल गई है। यह फिर से उखड़ना शुरू हो गया है। जिसके कारण अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं मामले में लोगों ने ब्रिज के घटिया काम पर उंगली उठाते हुए जांच की मांग कर रहे हैं।