Logo
रायपुर में 6 दोस्तों ने तीन अलग-अलग जगहों पर लूटपाट की। उन्होंने मॉर्निंग वॉक कर रहे बुजुर्गों को अपना निशाना बनाया। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक फरार आरोपी की तलाश जारी है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर अब अपराध की राजधानी बनती जा रही है। यहां पर बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। वे किसी भी वारदात को अंजाम देने से नहीं घबरा रहे। इनमें पुलिस-प्रशासन का डर शून्य हो गया है। शुक्रवार को 6 दोस्तों ने शहर के तीन अलग-अलग जगहों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लड़कों ने अपनी मौज-मस्ती के लिए मॉर्निंग वॉक कर रहे बुजुर्गों को निशाना बनाया। उन्होंने चाकू की नोक पर उनसे मोबाइल, अंगूठी और कैश छीन लिए। 

मिली जानकारी के अनुसार, लड़कों ने अपनी मौज-मस्ती के लिए लूटपाट की। 2 घंटों में लगातार एक के बाद एक लूट की घटना हुई। वहीं सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच पुलिस एक्टिव हो गई। घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, इसी के आधार पर 10 घंटों के भीतर ही पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया। 

पहली घटना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र की 

लूट की पहली घटना न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है। जहां शुक्रवार की सुबह 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले छद्दू लाल यादव के साथ लूट हुई। प्रियदर्शनी नगर के पास दो गाड़ियों में 6 लड़के सवार होकर आए और उन पर चाकू अड़ा दिया। फिर जान से मारने की धमकी देते हुए पैसे- मोबाइल छीनकर फरार हो गए। 

उन्हीं आरोपियों ने दो और जगहों पर की लूटपाट 

उन्हीं आरोपियों ने फिर लूट की 2 अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया। दूसरी घटना कोतवाली क्षेत्र के टैगोर नगर चौक और तेलीबांधा क्षेत्र के फुण्हर चौक के पास की है। जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले दो अलग-अलग व्यक्तियों से लूट हो गई। यहां भी आरोपियों ने चाकू दिखाकर अंगूठी, कैश और मोबाइल छीन लिया। 

तुरंत हरकत में आई पुलिस 

घटना की जानकारी मिलते ही राजधानी पुलिस हरकत में आई। रायपुर SSP डॉ. लाल उम्मेद सिंह निर्देश के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के भागने के रूट की 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस दौरान पुलिस ने एक पुराने लुटेरे तेलीबांधा निवासी राहुल गौन्द्रे को पहचान लिया। उसे गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की। 

मौज-मस्ती के लिए वारदात को दिया अंजाम 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, उन्होंने अपनी मौज-मस्ती और शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया। राहुल के निशानदेही पर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 6, 490 रुपये कैश, 1 सोने की अंगूठी और 5 मोबाइल और वारदात में उपयोग किए गए बाइक- एक्टिवा के साथ एक चाकू भी बरामद किया। वहीं एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। 

ये हैं गिरफ्तार आरोपी 

1.राहुल गौन्द्रे, काशी राम नगर, रायपुर
2.मोहम्मद ताज खान, काशी राम नगर, रायपुर
3.रॉकी टाण्डी सीमा नगर उड़िया बस्ती, रायपुर
4.राजा कन्नौजे, काशीराम नगर, रायपुर
5.मोहम्मद ताहीर खान, काशीराम नगर, रायपुर

5379487