Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव बीजेपी ने इलेक्शन जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। एक तरफ अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला जा रहा है। वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं को अपने खेमे में करने का प्रयास किया जा रहा है। ये ही वजह है कि आठ विधायक समेत कई दिग्गज नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अब देखना ये होगा कि BJP को इनका कितना फायदा मिल पाएगा। क्या भाजपा इस बार का चुनाव जीत पाएगी?। इस सवाल का जवाब तो 8 फरवरी की शाम तक ही पता चल सकेगा।
दरअसल, शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के आठ विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सभी ने अपने इस्तीफे के एक दिन बाद यानी शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। इन विधायकों में मादीपुर विधानसभा से गिरीश सोनी, पालम विधानसभा से भावना गौड़, कस्तूरबा नगर विधानसभा से मदनलाल, त्रिलोकपुरी विधानसभा से रोहित महरौलिया, जनकपुरी विधानसभा से राजेश ऋषि, महरौली विधानसभा से नरेश यादव, आदर्श नगर विधानसभा से पवन शर्मा और बिजवासन विधानसभा भूपिंद्र सिंह जून शामिल हैं।
कैलाश गहलोत पहले ही दे चुके हैं बड़ा झटका
इन आठ विधायकों से पहले दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री और केजरीवाल के करीबी रहे कैलाश गहलोत आप छोड़कर बीजेपी में चले गए थे। जिसके बाद भाजपा ने गहलोत को बिजवासन विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं आप सरकार के एक और पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम पार्टी छोड़ चुके हैं और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार कर रहे हैं। इसके अलावा राजकुमार आनंद ने भी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी छोड़ दी थी और वह बीजेपी के टिकट पर पटेल नगर से चुनावी मैदान में है। जबकि, छतरपुर के विधायक करतार सिंह तंवर ने आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ दिया है।
ये भी पढ़ें- Delhi ELection 2025: AAP को लगा बड़ा झटका, बीजेपी में शामिल होंगे पार्टी छोड़ने वाले सभी 8 विधायक, देखें लिस्ट
आठ फरवरी को आएगा रिजल्ट
बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। वहीं आठ फरवरी को रिजल्ट घोषित किया जाएगा। इससे पहले सत्तारूढ़ पार्टी के इतने नेताओं का पार्टी छोड़कर चले जाने से चर्चाएं शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि इस बार बीजेपी की स्थिति आप से ज्यादा मजबूत है। आगामी चुनाव परिणाम में इसका फायदा जरूर मिलने वाला है।
ये भी पढ़ें- अमित शाह का केजरीवाल पर 3G अटैक: घोटाले, घुसपैठिए और घपले वाली सरकार पर बरसे गृहमंत्री, सिसोदिया पर भी साधा निशाना