Logo
अमित शाह ने AAP सरकार को 3G सरकार करार देते हुए कहा कि दिल्ली में घोटाले, घुसपैठिए और घपले वाली सरकार चल रही है। शाह ने कहा कि दिल्ली की जनता को अब घोटालों और झूठे वादों की सरकार से मुक्ति चाहिए। शाह ने यमुना नदी की सफाई को लेकर अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला। 

Amit shah in delhi assembly elections: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर चुनाव प्रचार तेज हो गया है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुस्तफाबाद में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (AAP) पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने AAP सरकार को 3G सरकार करार देते हुए कहा कि दिल्ली में घोटाले, घुसपैठिए और घपले वाली सरकार चल रही है।  

केजरीवाल की सरकार को बताया 3G सरकार  

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जानते हैं कि उनकी सरकार इस बार चुनाव हारने वाली है, इसलिए आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं के टिकट बदल दिए गए हैं। उन्होंने AAP सरकार को 3G सरकार बताते हुए कहा:

  • पहला G - घोटाले वाली सरकार  
  • दूसरा G - घुसपैठियों को पनाह देने वाली सरकार  
  • तीसरा G - घपले करने वाली सरकार    

यमुना को लेकर केजरीवाल पर तंज

अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की जनता को अब घोटालों और झूठे वादों की सरकार से मुक्ति चाहिए। शाह ने यमुना नदी की सफाई को लेकर अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने 2015 और 2020 में कहा था कि वह यमुना को साफ करेंगे और खुद उसमें डुबकी लगाएंगे, लेकिन न यमुना साफ हुई और न ही उन्होंने डुबकी लगाई। उन्होंने आगे कहा कि अब केजरीवाल कह रहे हैं कि हरियाणा सरकार ने यमुना में जहर मिला दिया है। लेकिन सच्चाई यह है कि यमुना को जहरीला AAP सरकार ने खुद किया है।  

केजरीवाल के कटआउट को भी ICU में भर्ती करना पड़ा - अमित शाह  

यमुना की सफाई को लेकर अमित शाह ने एक मजाकिया तंज कसते हुए कहा कि चूंकि केजरीवाल ने यमुना में डुबकी नहीं लगाई, इसलिए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके कटआउट को यमुना में डुबकी लगवाई। पानी इतना गंदा था कि अगले दिन उस कटआउट को भी एम्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या यमुना नदी साफ हुई? क्या केजरीवाल ने वादा निभाया? क्या छठ पूजा के लिए घाट साफ हुए? जवाब में भीड़ से 'नहीं' की गूंज उठी।  

'8 फरवरी को भाजपा आ रही है'- अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है और इस बार बीजेपी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी को घोटालेबाजों और बेईमानों को हटाने का समय आ गया है। अरविंद केजरीवाल सिर्फ झूठे वादे करते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वह पूरा करते हैं। उन्होंने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सीट पटपड़गंज से बदल दी गई, क्योंकि AAP को अपनी हार का डर है।

ये भी पढ़ें: Delhi Assembly Election 2025: ट्रांसजेंडर उम्मीदवार राजन सिंह की अनोखी पदयात्रा, कालकाजी में दिलचस्प मुकाबला

क्या इस बार बीजेपी बदलेगी दिल्ली की सत्ता?

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला है। अमित शाह के आक्रामक प्रचार अभियान और 3G सरकार वाले बयान से साफ है कि बीजेपी इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दिल्ली की जनता केजरीवाल को एक और मौका देगी या फिर इस बार बीजेपी को सत्ता सौंपेगी। दिल्ली में मतदान 5 फरवरी को होगा और नतीजे 8 फरवरी को आएंगे।

ये भी पढ़ें: Delhi ELection 2025: AAP को लगा बड़ा झटका, बीजेपी में शामिल होंगे पार्टी छोड़ने वाले सभी 8 विधायक, देखें लिस्ट  

5379487