Delhi NCR Weather Today: दिल्ली एनसीआर में बुधवार को मौसम साफ रहेगा। हालांकि, आज तेज हवाएं चल सकती है। लेकिन, इन हवाओं का कुछ खास असर तापमान पर नहीं देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। वहीं 15 फरवरी के बाद ठंड पूरी तरह से गायब हो सकती है, जो लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा देगी।
दरअसल, दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से दोपहर के समय तेज धूप निकलने की वजह से तापमान बढ़ जाता है। जिसकी वजह से लोगों को स्वेटर और गर्म कपड़े पहनने का मन नहीं करता है। हालांकि, सुबह-शाम अभी लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। मंगलवार को भी दिल्ली का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसकी वजह से दिन और रात के समय लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। अगर आने वाले दिनों में भी मौसम का ऐसा ही हाल रहा और बारिश नहीं हुई तो जल्द ही गर्मी दस्तक दे देगी। वहीं मौसम विभाग ने फरवरी में बारिश होने की कोई संभावना नहीं जताई है। इससे साफ है कि फरवरी महीने के अंत तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। जबकि, आज 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम साफ रहेगा। हालांकि, तेज धूप खिलेगी। जिसके चलते अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- डेरा सच्चा सौदा केस में तीस हजारी कोर्ट में सुनवाई: एक करोड़ रुपए की मानहानि का मामला, वकील पर भी लगाया जुर्माना