Delhi Weather Report in March: सर्दियों के महीने कहे जाने वाले जनवरी और फरवरी के बाद अब मार्च भी दिल्ली वालों के लिए बेहद गर्म रहने वाला साबित हो सकता है। इसकी अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सोमवार 3 मार्च 2025 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.1 सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं यह दिल्ली में इस साल दूसरी बार हुआ है कि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को को पार कर गया है।
फरवरी में भी हुई कम बारिश
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली (आईएमडी) के अनुसार अब दिल्ली में तापमान बढ़ने लगेगा और पूरे हफ्ते सूखा और गर्म मौसम रहने की संभावना है। इस बारे में मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में सर्दी के दोनों महीने जनवरी और फरवरी में बहुत कम बारिश हुई है। रिकॉर्ड के अनुसार जनवरी महीने में 6.5 मिमी बारिश दर्ज हुई जबकि आम तौर पर इस महीने में 19.2 मिमी तक बारिश दर्ज होती है। वहीं इस बार फरवरी में भी महज 1.4 मिमी बारिश हुई, जबकि इस महीने में सामान्य तौर पर 21.5 मिमी बारिश दर्ज होती रही है।
39 डिग्री पहुंच जाएगा तापमान
इस बार मार्च के पहले दिन 2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मार्च का मासिक औसत 19.1 मिमी बारिश का रहा है। आईएमडी के अनुसार अनुमान है कि इस सप्ताह दिल्ली में शुष्क मौसम रहेगा कहीं कोई बारिश की संभावना नहीं है। जिसके कारण दिन का तापमान बढ़ सकता है, और मार्च में ही पारा बढ़ कर 38-39 डिग्री तक पहुंच सकता है। क्योंकि गर्मियों की शुरुआत से ठीक पहले मार्च का महीना सर्दी से बसंत में परिवर्तन का दौर होता है। इसके बाद प्री-मानसून सीजन की शुरुआत होती है।
15 मार्च के बाद सताएगी गर्मी
मार्च में तापमान तेजी से बढ़ता है, विशेष रूप से महीने के दूसरे भाग यानी 15 मार्च के बाद। औसतन, मार्च का तापमान फरवरी की तुलना में करीब 6 डिग्री तक अधिक होता है। आमतौर पर, मार्च के आखिरी सप्ताह में अधिकतम तापमान 38-39 तक पहुंच जाता है। दिल्ली के सफदरजंग बेस स्टेशन ने 30 मार्च 2021 को 40.1 डिग्री तापमान दर्ज किया था, जो 2009 के बाद से मार्च में सबसे अधिक तापमान था। पहाड़ों में हो रही मौसमी गतिविधियों का असर पहाड़ों, तलहटी इलाकों, पंजाब और हरियाणा के उत्तरी इलाकों तक ही सीमित रहेंगी।
4-5 मार्च को चलेगी तेज हवाएं
जबकि दिल्ली इस मौसम प्रणाली के प्रभाव वाले क्षेत्र से दूर दक्षिण में स्थित है। इसीलिए इस मौसम प्रणाली का दिल्ली-एनसीआर पर कोई खास असर नहीं होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में इस सप्ताह मौसम साफ और धूप खिली रहेगी, जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के हटने के बाद कल 4 मार्च और परसों 5 मार्च को सतही हवाएँ तेज हो जाएंगी। जिससे गर्मी की तीव्रता थोड़ी कम होगी और तापमान घटकर लगभग 27 डिग्री या इसके आसपास तक आ सकता है। हालांकि, मध्य सप्ताह के बाद फिर से तापमान बढ़ेगा और सप्ताहांत तक तापमान 30 डिग्री को पार कर सकता है।
ये भी पढ़ें:- Delhi Pollution: दिल्ली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, साफ हुई राजधानी की हवा, GRAP पाबंदी को हटाया गया