Ghaziabad Municipal Corporation: गाजियाबाद में नगर निगम ने बड़ा फैसला किया है। अब शहर के अलग-अलग सोसायटियों के 15 हजार फ्लैट्स पर हाउस टैक्स लगाया जाएगा। इसमें नए टैक्सपेयर्स को डीएम सर्किल रेट के हिसाब से हाउस टैक्स लिया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत टैक्स निर्धारण करने के बाद बिल जारी किए जाएंगे। बता दें कि अभी तक कुल सवा लाख फ्लैट्स पर नगर निगम की ओर से टैक्स लगाया गया है।
इन सोसायटियों पर पहले से लगा है टैक्स
गाजियाबाद में पहले से ही नगर निगम के सवा लाख से ज्यादा फ्लैट्स पर हाउस टैक्स लागू किया गया है। जानकारी के मुताबिक, राजनगर एक्सटेंशन में 50 सोसाइटियों में कुल 26,143 फ्लैट्स हैं। इसमें से 24,375 पर टैक्स का निर्धारण हो चुका है। जबकि तीन हजार फ्लैट्स में अब लोगों ने रहना शुरू किया है।
वहीं, क्रॉसिंग रिपब्लिक की 25 सोसाइटियों में कुल 13,493 फ्लैट्स हैं। इसमें से विजयनगर जोन ने 9646 फ्लैट्स पर टैक्स का निर्धारण कर दिया था। हालांकि अभी भी 4847 फ्लैट्स पर टैक्स का निर्धारण नहीं हुआ है। अब इन फ्लैट्स में भी लोगों ने रहना शुरू कर दिया है और नगर निगम इनसे भी हाउस टैक्स की वसूल करेगा।
15 हजार फ्लैट्स को किया गया चिन्हित
गाजियाबाद के कई इलाकों में ऐसे बहुत से फ्लैट्स हैं, जिनसे हाउस टैक्स नहीं लिया जा रहा है। लेकिन अब उन पर हाउस टैक्स लागू किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, गाजियाबाद के 5 जोन के करीब 15000 फ्लैट्स को चिन्हित किया गया है, जिन पर अभी टैक्स नहीं लगाया गया है। बता दें कि नगर निगम ने टैक्स निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि इन लोगों से पानी और सीवर का टैक्स नहीं लिया जाएगा।
टैक्स वसूली के लिए शुरू हुआ अभियान
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं, जिन्होंने लंबे समय से टैक्स नहीं भरा है। इसके लिए नगर निगम ने बड़े बकायेदारों की लिस्ट तैयार की है। बकाया टैक्स न भरने पर लोगों की संपत्ति भी सील किए जा रहे हैं। इसके अलावा अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने नगर मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की है। उन्होंने बकायेदारों से टैक्स वसूली करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं, जिसमें फरवरी और मार्च में महीने में अभियान चलाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो का नया विस्तार: गोल्डन लाइन रूट से जुड़ेगा दिल्ली और नोएडा एयरपोर्ट, यहां जानें सबकुछ