Logo
दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने पार्श्वनाथ के सीईओ संजीव जैन को आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने 60 किलोमीटर पीछा कर संजीव को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया।

Parsvnath CEO Sanjeev Jain Arrested: दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने पार्श्वनाथ डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ संजीव जैन (Parsvnath CEO Sanjeev Jain) को दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) से अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने संजीव जैन का 60 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद यह गिरफ्तारी की है। खबरों की मानें, तो  जब पुलिस की टीम संजीव जैन को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर संजीव जैन को अरेस्ट कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, शाहदरा के डीसीपी सुरेंद्र चौधरी का कहना है कि सीईओ संजीव जैन के खिलाफ राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (National Consumer Disputes Redressal Commission) में मुकदमा चल रहा है। वो आयोग में बुलाने के बाद भी पेश नहीं हो रहे थे। जिसके चलते उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। इसके बाद संजीव जैन को शनिवार को शाहदरा की एसटीएफ टीम ने आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। 

18 जुलाई को Parsvnath CEO के खिलाफ जारी हुआ था वारंट 

खबरों की मानें, तो राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के संयुक्त रजिस्ट्रार ने 18 जुलाई को संजीव जैन के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। जैन के खिलाफ शाहदरा पुलिस स्टेशन में कम से कम चार गैर-जमानती वारंट और एक जमानती वारंट लंबित था। यह गिरफ्तारी शनिवार को हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार को संजीव जैन को राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में पेश किया गया। जहां अब उनके खिलाफ मुकदमा चलेगा।

5379487