Logo
राजेंद्र नगर विधानसभा से भाजपा के वरिष्ठ नेता संजीत अरोड़ा ने अपनी पूरी टीम के साथ आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने का ऐलान किया। इस मौके पर राजेंद्र नगर से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी और मौजूदा विधायक दुर्गेश पाठक ने भी अरोड़ा और उनकी टीम का स्वागत किया।

Rajendra Nagar BJP leader Sanjeev Arora joins AAP: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। भाजपा के राजेंद्र नगर विधानसभा से वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीव अरोड़ा ने अपनी पूरी टीम के साथ आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए हैं। संजीव अरोड़ा ने आप में शामिल होते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह के हाथों पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर राजेंद्र नगर से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी और मौजूदा विधायक दुर्गेश पाठक ने भी संजीव अरोड़ा और उनके टीम के सभी सदस्य का गर्मजोशी से स्वागत किया।  

संजीव अरोड़ा का भाजपा से 25 साल पुराना रिश्ता

संजीव अरोड़ा पिछले 25 सालों से भाजपा से जुड़े हुए थे। उन्होंने पार्टी के भीतर अलग-अलग पदों पर काम किया है। वह भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और मीडिया प्रभारी रहे हैं। इसके अलावा, वह भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, भाजपा जिला करोल बाग के कोषाध्यक्ष और उपाध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं।  

संजीव अरोड़ा ने इंद्रप्रस्थ संजीवनी नाम की अपनी संस्था के माध्यम से करीब 50,000 लोगों की टीम के साथ दिल्ली में समाज सेवा के काम किए हैं। इसके अलावा, वह केपीएस गिल फाउंडेशन और नारायण विहार सोशल वेलफेयर सोसायटी के भी अध्यक्ष हैं।  

आप में शामिल होने की ये वजह बताई

संजीव अरोड़ा ने भाजपा से अलग होने के बाद कहा कि उन्होंने पार्टी से पिछले 25 सालों तक काम किया, लेकिन आज भाजपा की विचारधारा बदल चुकी है। वह बताते हैं कि भाजपा ने कई वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज करते हुए ऐसे लोगों को टिकट दिए हैं, जो पार्टी से हाल ही में जुड़े हैं। इस बदलाव से वह असंतुष्ट थे। संजीव अरोड़ा ने आगे कहा कि अब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल पंडित दीन दयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलकर पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति के लिए काम कर रहे हैं। वह झुग्गीवाले के लिए योजनाएं बना रहे हैं। भाजपा जो कभी केजरीवाल पर रेवड़ी बांटने का आरोप लगाती थी, वही अब खुद पुजारियों के लिए 18 हजार रुपये की तनख्वाह देने का ऐलान कर रही है।  

दुर्गेश पाठक ने संजीव अरोड़ा का किया स्वागत

इस मौके पर दुर्गेश पाठक ने संजीव अरोड़ा का स्वागत करते हुए कहा कि वह राजेंद्र नगर और करोल बाग क्षेत्र में पिछले कई सालों से अपने एनजीओ के माध्यम से सक्रिय रहे हैं। उन्होंने समाज सेवा के तहत व्हील चेयर, कोरोना काल में खाना और दवाइयां बांटी हैं। उनके योगदान को लेकर समाज में उनका नाम है और यही वजह है कि वह आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं।  

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव 2025: केजरीवाल के जहर वाले बयान पर पीएम मोदी का पलटवार, बोले- आप'दा की लुटिया यमुना में ही डूबेगी

'आप' के परिवार में शामिल होते हुए संजीव अरोड़ा ने किया विश्वास व्यक्त

संजीव अरोड़ा ने कहा कि आज से मैं पूरी मजबूती के साथ आम आदमी पार्टी के साथ खड़ा हूं। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में आप फिर से दिल्ली में सरकार बनाएगी। 

ये भी पढ़ें: Police Encounter: नोएडा पुलिस ने दिनदहाड़े लूट करने वाले गिरोह को पकड़ा, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, देशी हथियार और कारतूस बरामद

5379487