Aurangzeb Controversy: हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता धुमन सिंह किरमच ने कहा कि औरंगजेब सबसे क्रूर शासक था। इस शासक ने हिन्दुओं पर अत्याचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। इतना ही नहीं कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर में 1700 ई० में श्रद्धालुओं पर भारी भरकम जजिया कर लगाने का काम औरंगजेब ने किया था। इस शासक ने ब्रह्मसरोवर से पानी की एक बाल्टी पर एक रुपया और स्नान करने पर 5 रुपये का जजिया कर लगाया था। यह जजिया कर उत्तर भारत में सबसे ज्यादा था।
सपा सांसद अबू आजमी के बयान की निंदा की
भाजपा के वरिष्ठ नेता धुमन सिंह किरमच शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के सेक्टर 7 आवास पर समाजवादी पार्टी के सांसद अबू आजमी के बयान की निंदा कर रहे थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश में महाकुंभ के बाद एक अच्छा, सुंदर और सनातन का वातावरण बना था। जब-जब भी देश में अच्छा वातावरण बनता है तब-तब इंडिया जैसे गठबंधन और विपक्षी पार्टियां देश का माहौल खराब करने का प्रयास करती हैं। इस कड़ी में ही इंडिया गठबंधन से जुड़ी समाजवादी पार्टी के सांसद अबू आजमी ने औरंगजेब को एक अच्छा शासक कहा है। इस बयान की पूरे देश में आम व्यक्ति भी कड़ी निंदा कर रहा है। इस शासक ने हिन्दुओं पर अत्याचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और इतिहासकारों की मानें तो रोजाना सवा मण जनेऊ उतारने का काम औरंगजेब के कार्यकाल में ही किया गया। इस शासक ने हिन्दुओं को मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए जो अत्याचार किए वो किसी से छिपे नहीं हैं।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में नाम बदलने को लेकर विवाद: अकबर रोड पर पोती कालिख, गौ और हिंदू रक्षा दल ने लगाए भड़काऊ पोस्टर
उत्तर भारत में सबसे ज्यादा जजिया कर कुरुक्षेत्र में लगा था
किरमच ने कहा कि औरंगजेब ने लगभग 50 साल शासन किया और अपने शासन काल में जजिया कर को भी तवज्जो दी। इस जजिया कर से धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र भी अछूता ना रहा। धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में स्थित पवित्र ब्रह्मसरोवर, सन्निहित सरोवर और सरस्वती में हजारों लोग प्राचीन काल से स्नान करने और पिंडदान करवाने के लिए आते थे। इस तीर्थ स्थल की पुराणों, ग्रंथों में महत्ता का वर्णन किया गया है। इसी औरंगजेब के शासनकाल में कुरुक्षेत्र में श्रद्धालुओं पर भारी भरकम जजिया कर लगाने का काम किया था। वर्तमान में कुरुक्षेत्र में जहां बौद्ध स्तूप स्थित हैं, इसी जगह पर जजिया कर न देने वाले श्रद्धालुओं पर नजर रखने वाले हथियारों से लैस सैनिकों की टीम बैठाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि औरंगजेब ने सन 1700 ई० में एक बाल्टी पानी पर एक रुपया और स्नान करने पर 5 रुपये का जजिया कर लगाया था। यह कर उत्तर भारत में लगने वाले जजिया कर में सबसे ज्यादा कर था।
कई पुस्तकों में है कुरुक्षेत्र में जजिया कर लगाने का जिक्र
उन्होंने बीएम पांडे और सी दरोजे द्वारा लिखी पुस्तक थानेसर एंड इट्स विक्टिनी, इतिहासकार श्री राम गोपाल द्वारा लिखी पुस्तक हिन्दू टैम्पल, बर्नियर द्वारा लिखी पुस्तक मुगल ट्रैवल इंडिया, मोनची, सतीश चंद्रा सहित अन्य कई इतिहासकारों की पुस्तकों में ब्रह्मसरोवर पर लगाए जजिया कर और औरंगजेब के शासनकाल का विस्तृत ब्योरा अंकित है। उन्होंने कहा कि ऐसे क्रूर शासक को अच्छा शासक कहकर सांसद अबू आजमी ने इंडिया गठबंधन की सोच को दर्शाने का काम किया है।
यह भी पढ़ें : हरियाणा में कांग्रेस पर गरजे योगी: बोले- Congress में औरंगजेब का भूत, पहले जो नारा दादी देती थी, वो अब पोता भी दे रहा