Logo
हरियाणा में रेवाड़ी के मामड़ियां में जमीनी विवाद के चलते स्कूटी व बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से महिला व बचाव में आया भतीजा हमले में घायल हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

रेवाड़ी। जिले के गांव मामड़िया अहीर में जमीनी विवाद  बुधवार को खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। एक स्कूटी व तीन बाइक पर सवार होकर आए आठ- दस लोग आए और महिला पर हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला के बचाव में आए उसके भतीजे को भी घायल कर दिया। इसी बीच हमलावरों में शामिल एक युवक ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान गोली लगने से महिला घायल हो गई। फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया तथा लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

हमले के समय घर पर अकेली थी महिला 

अस्पताल में उपचाराधीन सुनीता देवी ने बताया कि बुधवार को वह अपने घर पर अकेली थी। उसका पति पिकअप लेकर कोसली गया हुआ था। बेटा व पुत्रवधु कंपनी गए हुए थे। इसी दौरान गांव का सचिन एक स्कूटी और तीन बाइक पर 8-10 लोगों को लेकर उसके घर पहुंच गया। महिला का आरोप है कि सचिन ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए उस पर फायर कर दिया। गोली उसके दाएं कूल्हे पर लगी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला उसका भतीजा संदीप वहां आ गया। इन लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। शोर मचाने और गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए। इसके बाद आरोपी नांगल मूंदी की तरफ फरार हो गए।

एक माह पूर्व हुआ था जमीन का बंटवारा

महिला ने पुलिस बयान में बताया कि उनकी गांव में सांझे की जमीन है। इस जमीन का बंटवारा करीब एक माह पहले ही हुआ था। इसके बाद सचिन और उसका भाई साहिल उनसे रंजिश रखने लगे थे। इन लोगों ने कुछ दिन पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी, लेकिन बाद में पुलिस थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। ग्रामीणों ने उसे और संदीप को ट्रॉमा सेंटर में दाखिल कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी।

CH Govt hbm ad
5379487