चंडीगढ़। मंगलवार को हरियाणा दिल्ली भवन में देर शाम भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई। जिसमें प्रदेश में नगर निकायों के चुनावों पर चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश भाजपा नेताओं से चर्चा के बाद मेयर व चेयरमैनों के नाम को पैनल तैयार किया। अब जल्द नामों की घोषणा की जा सकती है। बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की जीत निश्चित है। हमारे लिए हर चुनाव महत्वपूर्ण है तथा कोई चुनाव छोटा या बड़ा नहीं होता। भाजपा निकाय चुनाव जीतकर प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार के साथ तेज गति से काम करेंगी।
जीत निश्चित, बनाएंगे ट्रिपल इंजन की सरकार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने बहुमत के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का मन बना लिया है। मंगलवार को कोर ग्रुप की बैठक में मेयर और चेयरमैन के नामों पर विस्तृत रूप से चर्चा के बाद प्रत्याशियों के नामों का फाइनल पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया है। अब जल्द ही निर्णय लेने के बाद नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
भाजपा के लिए कोई चुनाव छोड़ा-बड़ा नहीं
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में नगर निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत तय है। भाजपा के लिए हर चुनाव महत्वपूर्ण हैं तथा हमारे लिए कोई चुनाव छोटा हो या बड़ा नहीं होता। भाजपा चुनाव को लेकर हमेशा गंभीर रहती है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता हर चुनाव को गंभीरता से लड़ता है। स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी में भी पार्टी कार्यकर्ता जी-जान से लगे हुए हैं और भाजपा चुनाव में अपना परचम लहराएगी।
ये रहे मौजूद
मंगलवार को दिल्ली में हुई कौर ग्रुप की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, सांसद धर्मबीर सिंह, सांसद रामचंद्र जांगडा, मंत्री कृष्ण बेदी, पूर्व मंत्री राम बिलास शर्मा, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता इत्यादि मौजूद रहे।