Logo
Haryana Exit Polls: हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने के बाद भूपेंद्र हुड्डा, अनिल विज समेत बीजेपी और कांग्रेस के तमाम नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।

Haryana Exit Polls: हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर आज 5 अक्टूबर को वोटिंग खत्म हो चुकी है। अब एग्जिट पोल के नतीजे भी लगभग सामने आ चुके हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के मुताबिक, प्रदेश में कांग्रेस की 10 साल बाद वापसी होती दिखाई दे रही है। एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने के बाद बीजेपी और कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे।

एग्जिट पोल अब आए हैं मैंने सुबह ही बता दिया था- हुड्डा

हरियाणा के एग्जिट पोल्स में बीजेपी को नुकसान होता नजर आ रहा है। कई एग्जिट पोल्स ने हरियाणा में कांग्रेस को बड़ी बढ़त दिखाई है। एग्जिट पोल के नतीजों के बाद पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा का प्रतिक्रिया भी सामने आई है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एग्जिट पोल अब आए हैं मैंने सुबह ही बता दिया था लहर कांग्रेस के पक्ष में है। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी।

मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर क्या बोले हुड्डा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कहा कि हाईकमान जो भी फैसला (मुख्यमंत्री के नाम का) करेगा वो सभी को मंजूर होगा। उन्होंने कहा कि कुमारी शैलजा हमारी वरिष्ठ नेता हैं, उनका अधिकार मुख्यमंत्री बनने का है।

एग्जिट पोल गलत होगा- अनिल विज

हरियाणा के एग्जिट पोल में बीजेपी को नुकसान के अनुमान पर पार्टी के नेता अनिल विज ने कहा कि एग्जिट पोल गलत होगा। बीजेपी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोलों की पोल पहले भी कई बार खुल चुकी है। अभी तो मतदान हो रहा है। लाइनें लगी हुई हैं। अभी अंतिम व्यक्ति ने वोट नहीं डाली है। अभी टोटल परसेंट नहीं आई है। कैसे बता देंगे। चुनाव से पहले के आधार पर कह रहा हूं कि एग्जिट पोल गलत होगा।

लोगों ने हमारे काम की सराहना की- ज्ञान चंद गुप्ता

पंचकूला विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। लोगों ने हमारे काम की सराहना की है और हमारे द्वारा किए गए काम के लिए वोट दिया है।

कांग्रेस 70 सीटें जीतेगी- कांग्रेस उम्मीदवार चंद्र मोहन

एग्जिट पोल पर पंचकूला विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चंद्र मोहन का कहना है कि कांग्रेस 70 सीटें जीतेगी और भाजपा को 17 सीटें मिलेंगी। हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।

लोगों ने हमें अपना समर्थन दिया- कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल

एग्जिट पोल पर झज्जर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में लोगों ने बहुत समझदारी से वोट देकर अपनी शक्ति का इस्तेमाल किया है। लोगों ने अपना मन बना लिया था, वे भाजपा से बहुत परेशान थे। लोगों ने हमें अपना समर्थन दिया है और हम तहे दिल से उनका शुक्रिया अदा करते हैं।

 

5379487