Logo
हरियाणा के रोहतक, पलवल व यमुनानगर में हुए सड़क हादसों में तीन दोस्तों सहित पांच की मौत व एक महिला सहित तीन अन्य घायल हो गए। रोहतक में महम चौबीसी सर्वखाप प्रधान मेहर सिंह तथा पलवल में कार पेड़ से टकराने से तीन दोस्तों व यमुनानगर में वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई।

रोहतक/यमुनानगर/पलवल। प्रदेश में यमुनानगर व रोहतक में हुए दो अलग अलग हादसों में महम चौबीसी सर्वखाप के प्रधान व एक महिला की मौत हो गई। पलवल में डाडोता गांव के पास नीलगाय को बचाते समय कार सवार तीन दोस्तों की मौत व एक घायल तथा यमुनानगर में हाइवे पर एक महिला की मौत और एक महिला सहित दो अन्य घायल हो गए। पलवल सोहना रोड पर डाडोता मोड़ के पास नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

83 साल के थे प्रधान मेहर सिंह

जानकारी के अनुसार महम चौबीसी सर्वखाप पंचायत के प्रधान मेहर सिंह नंबरदार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसके बाद प्रधान को पीजीआई ले जाया गया, जहां से परिजन दिल्ली चौक स्थित निजी अस्पताल में गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महम चौबीसी सर्वखाप पंचायत के प्रधान 83 साल के मेहर सिंह नंबरदार की वीरवार सुबह सैर करने के लिए किशनगढ़ गांव के बाहर बलंबा रोड गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसे का शिकार हो गए। महम पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

बलंबा रोड पर हुआ हादसा

मेहर सिंह नंबरदार महम के नजदीक गांव के किशनगढ़ के रहने वाले थे। सुबह वे सैर करने के लिए बलंबा रोड पर गए थे। अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी और मौके से चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे का पता चलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी तथा घायल अवस्था में पीजीआई में भर्ती करवाया गया। जहां से परिजन उन्हें दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में गए तथा उपचार के दौरान वहां उनकी मौत हो गई। महम पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार

पलवल-मोहना मार्ग पर डाडोता गांव के मोड़ के निकट नीलगाय को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिससे हादसे में कार में सवार चार दोस्तों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को उपाचर के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में दो अलावलपुर गांव के व एक जनौली गांव का रहने वाला है। चांदहट पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए।

हाइवे पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

यमुनानगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि महिला सहित दो अन्य घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन चालक घटना के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

5379487