किसानों को बचाने राज्यपाल ने दिया मंत्र : हरियाणा के रोहतक के दयानंद मठ में स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष में आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के तत्वावधान में आर्य महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और अध्यक्ष गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत रहे। आचार्य देवव्रत ने कहा कि समय बदलने के साथ-साथ हमारे सामने चुनौतियां भी बदल गई हैं। पहले जहां महिलाओं में शिक्षा का अभाव था, आज महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों की बदौलत महिलाओं ने शिक्षा पाकर उन्नति के हर उच्च मुकाम हासिल किए हैं। सामाजिक कुरीतियां समाप्त हो रही हैं। लोगों के शिक्षित होने से समाज में भेदभाव मिट रहा है। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती जहरीली खेती से निजात दिलाने, जमीन को बचाने, ग्लोबल वार्मिंग को मिटाने और नशे के दलदल में जा रही युवा पीढ़ी के जीवन को बचाने की है। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं से निजात पाने का एकमात्र उपाय प्राकृतिक खेती है। प्राकृतिक खेती को अपनाकर हम न केवल अपने स्वास्थ्य को सही रख सकते हैं बल्कि धरती माता को भी बचा सकते हैं। 

प्राकृतिक खेती के लिए 1481 करोड़ का प्रावधान

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक खेती मिशन की स्थापना की है, जिसमें इस साल 1481 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही साल भर में एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती साहीवाल नस्ल की देशी गाय पर आधारित है, ऐसे में गाय की रक्षा गाय को घर में पालने से होगी। उन्होंने कहा कि गाय की नस्ल सुधार के लिए विशेष तकनीक इजात की गई है, जिसमें विशेष सीमन से उत्तम नस्ल की केवल बछड़ी ही पैदा होंगी। इसके लिए देश भर में 1000 मशीनें लगाई जा रही हैं। इन मशीनों के लगने के बाद हमारे देश में ही यह टीका केवल मात्र 600 रुपए में मिलेगा, जबकि यह टीका विदेश से करीब 1400 रुपए में मिलता है। उन्होंने कहा कि उनके स्वयं के कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल में बनाई गई गौशाला में इस तकनीक को अपनाया जा रहा है। उनकी गौशाला में 100 गायों को लगाए गए इस टीके से 92 बछड़ी पैदा हुई हैं। उन्होंने कहा कि उनके गुरुकुल में किसानों को हरियाणा सरकार के माध्यम से प्राकृतिक खेती का मुफ्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोई भी किसान वहां पर यह प्रशिक्षण ले सकता है।

नशे से बचने के लिए युवाओं का किया आह्वान

हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि समाज के निर्माण में स्वामी दयानंद सरस्वती की बहुत बड़ी देन है। हमें आर्य समाज के मूल्यों को घर-घर तक पहुंचना है और इसके लिए जन-जन में क्रांति लानी है। सभ्य समाज और राष्ट्र के निर्माण में आर्य समाज की बहुत बड़ी सार्थक भूमिका होगी। दत्तात्रेय ने आर्य सभा को 31 लाख रुपए, आचार्य देवव्रत और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने 21-21 लाख रुपए देने की घोषणा की। दत्तात्रेय ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ देशवासियों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने का काम कर रहे हैं, जो कि बहुत ही सराहनीय है। उनके इन कार्यों की जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए कार्य किया। हमें उनको मिलकर आगे बढ़ाना है। अपील की। उन्होंने कहा कि इंसान के अंदर दया भाव, शांति और क्षमा का भाव होना चाहिए, जो संदेश स्वामी दयानंद ने मानव जीवन के मूल्यों के प्रति दिया था। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से युवाओं को नशे से बचाने का भी आह्वानकिया। 

स्वामी दयानंद के सिद्धांतों का प्रचार तेज करें

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को संपूर्ण रूप से विकसित बनाने के लिए बनाए गए लक्ष्य में आर्य समाज की बहुत बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आर्य समाज के प्रचारकों ने हमेशा से ही समाज को सही रास्ता दिखाने के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों को दूर करने का संदेश दिया है। आज एक बार फिर से उस प्रचार को तेज धार देने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान आर्य सभा मुम्बई के प्रधान हरीश आर्य ने कहा कि 29 व 30 मार्च को मुंबई में आर्य महासम्मेलन का आयोजन होगा। आर्य महासम्मेलन के दौरान सूचना आयुक्त डॉ. कुलबीर छिक्कारा, आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान देशबंधु मदान, स्वामी देवव्रत, आचार्य सत्यजीत, स्वामी सुखानंद, आचार्य ओम प्रकाश, स्वामी विपुल विद्यावाचस्पती, स्वामी सच्चिदानंद, स्वामी धर्मदेव, आचार्य ऋषिपाल, विनय आर्य, प्रशासनिक अधिकारी विजय मलिक, सेवानिवृत आईपीएस राजपाल, आचार्य वेदमित्र, विजय गौतम, मंजीत आर्य सहित देशभर से आर्य समाज के पुरोधा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।