Mahipala Dhanda: रोहतक में आज 9 मार्च रविवार को शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा आर्य प्रतिनिधि सभा के महासम्मेलन में शामिल हुए थे। उस दौरान ढांडा ने कांग्रेस पर जमकर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने लोगों व कार्यकर्ताओं पर विश्वास नहीं है। अपने ही पार्टी के वर्करों पर वह भरोसा नहीं करती है। जिसकी वजह से कांग्रेस में अब कुछ भी नहीं बचा है। ढांडा ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व में ऐसी कोई सोच नहीं है कि वह कुछ ऐसा करे, जो उपलब्धि का कारण बन सके।
ढांडा ने कांग्रेस की तुलना तांगे से की
ढांडा ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व अब खत्म हो रहा है, जिसकी वजह से हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष नहीं बन सका। इसके पीछे या तो आपसी फूट है या उनके नेताओं में योग्यता ही नहीं है। महिपाल ढांडा ने कांग्रेस की तुलना टूटे हुए तांगे से की है। उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस पार्टी एक ऐसा टूटा हुआ तांगा बन गई है जिसके चारों तरफ घोड़े जुड़े हुए हैं और कांग्रेस मंजिल तक पहुंचना चाहती है। जिसके चारों घोड़े अलग-अलग चार दिशा में जुड़े हो, वह मंजिल पर कैसे पहुंच सकता है।'
हरियाणा बजट में हर वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखा गया- महिपाल ढांडा
महिपाल ढांडा ने हरियाणा बजट पर कहा कि बजट में हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोगों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्री बजट के दौरान भी लंबी चर्चा हुई थी। नेताओं के बयानों को भी बजट में शामिल किया गया है। 17 मार्च को पेश होने वाले बजट में हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। महिपाल ढांडा ने यह भी कहा कि एजुकेशन पर कम्युनिस्टों का कब्जा होने की वजह से देश का दिमाग खराब किया गया। आज राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करके देश के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
Also Read: कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम ऑफिस के बाहर मांगी भीख, इस वजह से किया विरोध-प्रदर्शन