Logo
Sonipat Crime News: सोनीपत में सीएम सैनी के ओएसडी वीरेंद्र बड़खालसा के भाई पर लूट के इरादे से दो बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस जांच में जुटी है।

Sonipat Crime News: सोनीपत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी वीरेंद्र बड़खालसा के भाई पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह हमला लूट के इरादे से किया गया है। दरअसल, बदमाशों ने चाकू दिखाकर बैग छीनने की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसके चेहरे पर चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल घायल व्यक्ति को निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

लूट के इरादे से हमला

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित की पहचान जयदेव दहिया के रूप में हुई है। जयदेव दहिया के भाई का नाम वीरेंद्र बड़खालसा है, जो हरियाणा सीएम सैनी के ओएसडी हैं। पुलिस पूछताछ में जयदेव का कहना है कि वह बहालगढ़ चौक पर पतंजलि स्टोर चलाते हैं। घटना रविवार यानी 18 अगस्त देर रात को हुई। जब वह रविवार रात को स्टोर का शटर बंद कर ताला लगा रहे थे। तब उस दौरान वहां पर दोनों युवक लूट के इरादे से आए थे।

जान से मारने की धमकी

दोनों बदमाशों में से एक ने जयदेव का बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन जब जयदेव ने इसका विरोध किया तो दोनों ने मिलकर जयदेव के मुंह और शरीर पर चाकू से कईं वार किए। जिसके बाद शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों की भीड़ देखकर दोनों बदमाश उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए।

Also Read: फतेहाबाद विधानसभा सीट,2 बार हारने वाले की शर्त प्रहलाद की टिकट में अडंगा, दुड़ाराम का भी हो सकता है पत्ता साफ

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बारे में पता लगते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। इस मामले की जानकारी बहालगढ़ थाना पुलिस को दी गई। जिसके बाद जयदेव को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर इलाज करने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें सरकारी अस्पताल में रेफर करने के लिए कहा गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

5379487