Logo
हरियाणा के यमुनानगर में दोस्त से मिलने गए एक युवक का शव शनिवार सुबह खेतों में संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ मिला। शव पर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे उसकी पीट पीटकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।

Yamunanagar: दोस्त से मिलने गए एक युवक का शव शनिवार सुबह खेतों में संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ मिला। शव पर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे उसकी पीट पीटकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में गंभीरता से छानबीन कर रही है।

मेहनत मजदूरी करती था मृतक लक्की

जानकारी अनुसार गांव कूलचंदू निवासी रिंकू राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा लक्की मेहनत मजदूरी करता था। बीती रात साढ़े नौ बजे के करीब उसके बेटे लक्की के पास किसी का फोन आया, जिसके बाद वह घर से चला गया। उन्होंने उससे पूछा तो उसने यही बताया कि उसके दोस्त का फोन आया है और वह उससे मिलने जा रहा है। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो उन्हें चिंता हुई। उन्होंने उसके मोबाइल पर संपर्क करना चाहा, मगर मोबाइल फोन बंद आया। शनिवार सुबह उन्हें पता चला कि गांव उधमगढ़ के पास खेत में बेटे का शव पड़ा है, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचित किया।

शरीर पर मिले चोटों के निशान, हत्या की आशंका

रिंकू राम ने बताया कि बेटे के शव पर चोटों के निशान थे। उनके बेटे की मोटरसाइकिल भी शव के पास धान के खेत में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि मृतक लक्की अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों के बारे में जल्द पता लगा लिया जाएगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

5379487