Logo
Bhopal News in Brief, 6 February: भोपाल में गुरुवार (6 फरवरी) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी। आइए नजर डालते हैं राजधानी की छोटी-बड़ी खबरों पर...।

Bhopal News in Brief, 6 February: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासत, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी रोजाना कई खबरें हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि के 'भोपाल टूडे न्यूज' सेगमेंट में भोपाल से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और भोपाल शहर की हर खबर से जानकारी को बढ़ाएं।

भोपालवासियों के लिए जरूरी खबरें ; Bhopal Today Live

भोपाल के 35 से ज्यादा क्षेत्रों में गुल रहेगी बिजली
राजधानी भोपाल के 35 से ज्यादा क्षेत्रों में गुरुवार को बिजली गुल रहेगी। इन इलाकों में निर्माण कार्यों और रखरखाव के कार्यों के चलते शटडाउन किया जा रहा है। रोहित नगर पीएच1, शहीद हेमू कलानी, लोटस पीएच1 और आसपास क्षेत्र में दोपहर 12 से दोपहर 3 बजे तक बिजली गुल रहेगी। छत्ती चौराहा, अंजलि कॉम्प्लेक्स, काजी हाउस, राम मंदिर, अपेक्स बैंक, छप्पन भोग, कमला नेहरू स्कूल, प्लेटिनम प्लाजा, सीटीओ, मॉडल स्कूल, टीटी नगर, न्यू मार्केट, 45 बंगला और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बिजली कटौती होगी।

इन इलाकों में भी बिजली कटौती 
खानू गांव, बाग ई बहार, किनारा अपार्टमेंट, झंडा चौक और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। एसवीएस बिल्डकॉन, इमलिया कांकरिया, भोज नगर, शोभापुर, एलिगेंट गार्डन, यूनिहोन्स, अंशुल विहार और आसपास क्षेत्र में सुबह 7 से सुबह 8 बजे तक बिजली कटौती होगी। मंदाकिनी कॉलोनी, जानकी रेजीडेंसी, पैलेस ऑर्चर्ड, अपूर्ति मॉल, महाबली, साईं नाथ, शालीमार पार्क, सर्वधर्म और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लाइट गुल रहेगी। 

महाकुंभ जाने के लिए इन ट्रेनों में करवा सकते हैं रिजर्वेशन
भोपाल और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से इटारसी होकर प्रयागराज पहुंचने के लिए भोपाल रेल मंडल ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन अभी जारी रखने का फैसला लिया है। यात्री इन ट्रेनों में सीटें प्राप्त कर सकते हैं। गाड़ी संख्या 01031 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 5 एवं 08 फरवरी को एलटीटी स्टेशन से मध्य रात्रि 00:05 बजे प्रस्थान कर और अगले दिन सुबह 06:45 बजे बनारस पहुंचेगी। 01032 बनारस-एलएलटी कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 6 व 9 फरवरी को बनारस स्टेशन से सुबह 10:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 16:40 बजे एलटीटी पहुंचेगी।

इन ट्रेनों पर भी डालें नजर 
गाड़ी 01201 नागपुर-दानापुर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 5 फरवरी को नागपुर से दिन में 12:00 बजे प्रस्थान कर और अगले दिन सुबह 11:50 बजे दानापुर पहुंचेगी। 01202 दानापुर-नागपुर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 6 फरवरी को दानापुर से दोपहर 14:30 बजे प्रस्थान कर और अगले दिन सुबह 11:40 बजे नागपुर पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 01203 नागपुर-दानापुर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 8 फरवरी को नागपुर से दोपहर 15:00 बजे प्रस्थान कर और अगले दिन दोपहर 13:00 बजे दानापुर पहुंचेगी। 01204 दानापुर-नागपुर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 9 फरवरी को दानापुर से दोपहर 14:30 बजे प्रस्थान कर और अगले दिन सुबह 11:40 बजे नागपुर पहुंचेगी।

ट्रिपलआईटी का तृतीय दीक्षांत 8 फरवरी को होगा 
भोपाल के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (ट्रिपलआईटी) का तीसरा दीक्षांत समारोह 8 फरवरी को होगा। दीक्षांत में 2024 बैच के 168 बीटेक छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी। समारोह की खास बात यह है कि छात्रों को ब्लॉकचेन तकनीक के माध्यम से डिजिटल डिग्री दी जाएगी, जिससे उनकी प्रमाणित कॉपी हमेशा सुरक्षित रहेगी और वे दुनिया में कहीं भी इसका उपयोग कर सकेंगे।समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मैनिट के निदेशक प्रो. करुणेश कुमार शुक्ला और ट्रिपलआईटी वड़ोदरा के निदेशक प्रो. धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहेंगे। 

इसे भी पढ़ें: News in Brief, 6 February: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें

जनजातीय संग्रहालय में सुशीला श्याम के चित्रों की प्रदर्शनी 
भोपाल के भारत भवन में गुरुवार (6 फरवरी) को शाम 6.30 बजे से सिंधु किरिल्ली 2 (वेरोनिका रिटर्न्स) का मंचन होगा। 90 मिनट के इस नाटक की भाषा सिंहली होगी, जो श्रीलंका में बोली जाती है। एंट्री निशुल्क रहेगी। मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय में गोण्ड समुदाय की चित्रकार सुशीला श्याम के चित्रों की प्रदर्शनी लगी है। प्रदर्शनी 28 फरवरी, 2025 (मंगलवार से रविवार) तक निरंतर रहेगी। 

गुफा मंदिर में उपनयन संस्कार महोत्सव 14 को
भोपाल के रामानंद आश्रम गुफा मंदिर धाम पर सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन 14 फरवरी को किया जाएगा। इसके पहले तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 12 फरवरी से होगी। इसमें अनेक बटुकों का उपनयन किया जाएगा। 12 जनवरी को पंचांग पूजन के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। 13 फरवरी को पीठ पूजन सहित अन्य कर्मकांड होंगे। 14 फरवरी को उपनयन संस्कार किया जाएगा। कार्यक्रम महंत रामप्रवेशदास के सान्निध्य में होगा।  

जनजातीय साहित्य महोत्सव 11 और 12 फरवरी को
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय 11 और 12 फरवरी को जनजातीय साहित्य महोत्सव का आयोजन करने जा रहा है। इस विशेष महोत्सव में देशभर से आदिवासी विद्वान, लेखक एवं शोधकर्ता भाग लेंगे। चार से अधिक सत्रों में विभिन्न विषयों पर परिचर्चा करेंगे एवं अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। इसके अतिरिक्त महोत्सव के प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में जनजातीय संस्कृति के रंगों से सराबोर लोक नृत्य और गीतों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। राजस्थानी लोक नृत्य दल कालबेलिया, चकरी जैसे प्रसिद्ध राजस्थानी नृत्य एवं लोकगीत प्रस्तुत करेगा। बुंदेली लोक नृत्य दल (छतरपुर) बुंदेली लोकगीत एवं नृत्य प्रस्तुत करेंगे।  

बीपीएल पोर्टल 7 से 14 फरवरी तक रहेगा बंद
समग्र और बीपीएल संबंधित काम करने हैं तो अभी निपटा लें। सात फरवरी से 14 फरवरी तक सात दिन के लिए समग्र, बीपीएल, एपीआई, एसपीआर जैसी एमपीएसईडीसी द्वारा संचालित एप्लीकेशंस पर काम नहीं होगा। नए सर्वर इंफ्रा एसडीसी 2.0 पर इस माइग्रेट किया जा रहा है। सात दिन इसकी प्रक्रिया चलेगी। बताया जा रह है कि नए सर्वर पर माइग्रेशन से समग्र एप्लीकेशन की दक्षता और कार्यक्षमता में सुधार होगा। बेहतर सेवाएं मिलेगी। एमपीएसईडीसी के प्रबंधक संचालक आशीष वशिष्ठ ने कलेक्टर को इसके लिए पत्र लिखकर सूचित किया है।

भोपाल में प्राइवेट स्कूल 6 को करेंगे धरना प्रदर्शन
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन मध्यप्रदेश ने 6 फरवरी को नीलम पार्क में राज्य शिक्षा केंद्र के तुगलकी फरमान के विरोध में धरना प्रदर्शन करने की अनुमति के लिए पुलिस उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में प्रदेश के छह प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे और 25 हजार से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। इसमें स्कूल संचालक, शिक्षक, अन्य कर्मचारी और अभिभावक शामिल होंगे। यह प्रदर्शन प्रदेश भर के प्राइवेट स्कूलों की समस्याओं को लेकर किया जा रहा है, जिसमें रजिस्टर्ड किरायानामा वापस लेने, एफडी समाप्त करने और मान्यता शुल्क को शासकीय कोशालय में जमा कराने की मांग की जा रही है।  

MP जनजातीय संग्रहालय की टाइमिंग बदली 
मध्यप्रदेश की जनजातियों के जीवन, देशज ज्ञान, कला परंपरा और सौंदर्यबोध की विशिष्टता को प्रदर्शित करने वाल मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय दर्शकों और पर्यटकों के लिए अपने समय में परिवर्तन कर रहा है। 1 फरवरी संग्रहालय का समय बदल दिया गया है। अक्टूबर 2025 तक संग्रहालय दोपहर 12 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुला रहेगा। 1 नवम्बर 2025 से जनवरी, 2026 तक (मंगलवार से रविवार) संग्रहालय दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 07:00 बजे तक दर्शकों के लिए खुला रहेगा।

5379487