Logo
MP Road Accident today: मध्य प्रदेश में आज (गुरुवार, 6 फरवरी) को कितने सड़क हादसे हुए। कितने लोगों की मौत हुई। कितने लोग घायल हुए। यहां जानिए भीषण हादसे से जुड़ी पूरी डिटेल्स।

MP Road Accident today: मध्य प्रदेश में आज (गुरुवार, 6 फरवरी) को कितने सड़क हादसे हुए। कितने लोगों की मौत हुई। कितने लोग घायल हुए? यहां जानिए भीषण हादसे से जुड़ी पूरी डिटेल्स। मंदसौर, छतरपुर, उमरिया, शिवपुरी, अशोकनगर, भिंड, गुना और विदिशा में बुधवार-गुरुवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे हुए। एक्सीडेंट में 13 लोगों की मौत हो गई। 50 से ज्यादा घायल हैं। ज्यादातर लोग प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के बाद वापस घर लौटते समय हादसे का शिकार हुए।  

मंदसौर: महाकुंभ से लौट रहे गुजरात के पति-पत्नी की मौत 
मंदसौर के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार (6 फरवरी) को भीषण हादसा हुआ। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर अंकलेश्वर (गुजरात) लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर होकर पलट गई। हादसे में अंकलेश्वर के पति-पत्नी की मौत हो गई। 4 अन्य लोग घायल हैं। घटना शामगढ़ थाना क्षेत्र के हरिपुरा गांव के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में नरेंद्र शर्मा (40) और उनकी पत्नी मीना शर्मा (35) की मौत हो गई। दंपती का 14 वर्षीय बेटा आयुष, मयूरी, ध्रुवी (मयूरी की बेटी) और कार चालक आदित्य घायल हैं। घासलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। 

undefined

अशोकनगर: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्स जीप की बस से टक्कर, दो की मौत 
'प्रयागराज महाकुंभ' में संगम स्नान कर मध्यप्रदेश लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्स जीप (Force Motors Trax) हादसे का शिकार हो गई। उन्नाव (UP) में गुरुवार (6 फरवरी) को Trax की बस से टक्कर हो गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 10 घायल हैं। जानकारी के मुताबिक, अशोकनगर से 12 लोग एक फरवरी को कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे। गुरुवार को वापस लौट रहे थे। चमरौली गांव के पास ड्राइवर को झपकी आने से ट्रैक्स बेकाबू होकर बस से टकरा गई। ईसागढ़ निवासी सुरेश तिवारी (55) और शिवपुरी निवासी उनकी बेटी राधा व्यास (35) की मौत हो गई। पत्नी ओमवती समेत विमला सिंह, परमाण सिंह, भगवती, सतीश, रानी, अंश, अनिका, सुषमा भार्गव और ड्राइवर शिवा घायल हैं।  

उमरिया में सड़क हादसे में 4 की मौत
उमरिया में गुरुवार, 6 फरवरी को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हाईवे पर तेज रफ्तार से जा रहे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के माता-पिता और दो बच्चों की जान चली गई। वहीं, मेटाडोर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा। साथ ही मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की खबर दी गई।

भिंड में ट्रक और कंटेनर की टक्कर, दोनों ड्राइवरों की मौत 
मध्यप्रदेश के भिंड में भीषण हादसा हो गया। बुधवार (5 फरवरी) की रात ट्रक और कंटेनर की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गाड़ियों के ड्राइवर की मौके पर मौत हो गई। कंटेनर चालक का शव केबिन में फंस गया। कंटेनर काटकर शव को निकाला। हादसा ग्वालियर-इटावा नेशनल हाईवे पर खिरिया तोर गांव के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक,  धान से भरा ट्रक डबरा से बरेली जा रहा था। कंटेनर इटावा से ग्वालियर जा रहा था। दोनों में टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक देवेंद्र सिंह मीणा और कंटेनर चालक की मौत हो गई।

 गुना: राजस्थान जा रहे श्रद्धालुओं का एक्सीडेंट, दो की मौत 
गुना से 'गूगोर वाली माता' के दर्शन करने राजस्थान जा रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। गुरुवार (6 फरवरी) को ट्रैक्टर-ट्रॉली फतेहगढ़ में पलट गई। हादसे में बुजुर्ग और बच्ची की मौत हो गई। 25 से ज्यादा लोग घायल हैं। गुना के कंचनपुरा गांव निवासी 40 लोग गुरुवार को घर से निकले। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर सभी राजस्थान के बारां में गूगोर वाली माता के दर्शन करने जा रहे थे। किशनपुरा के पास मोड पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बुजुर्ग और बच्ची की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। 

undefined

छतरपुर: बंदर को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराई बस, 11 घायल 
छतरपुर के बिजावर में गुरुवार को भीषण हादसा हुआ। सड़क पर आए बंदर को बचाने के चक्कर में बस पेड़ से टकरा गई। टक्कर लगते ही केबिन में बैठे यात्री उछलकर बाहर जा गिरे। ड्राइवर स्टीयरिंग में फंस गया। हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों को बिजावर अस्पताल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 5 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया है। पुलिस के मुताबिक, बस जटाशंकर से बिजावर जा रही थी। सड़क पर बंदर आ गया। बंदर को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर लगते ही केबिन में बैठे यात्री उछलकर बाहर जा गिरे। ड्राइवर स्टीयरिंग में फंस गया। स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को बाहर निकाला। हादसे में बस में सवार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिवपुरी: ट्रक की टक्कर से चार कार क्षतिग्रस्त
शिवपुरी में गुरुवार हो सड़क हादसा हो गया। मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास होटल के बाहर खड़ी चार कारों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में सभी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसा सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के पास हुई। उत्तरप्रदेश धौलपुर मनिया निवासी नीरज सिंह अपनी कार से इंदौर से धौलपुर जा रहे थे। शिवपुरी-ग्वालियर मार्ग पर स्थित मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास एक होटल पर चाय पीने के लिए रुके थे। उनकी कार के साथ तीन अन्य वाहन भी खड़े थे। तभी ट्रक ने पीछे की ओर बैक लिया और सभी कारों से ठोक दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। शुक्र है किसी को चोट नहीं आई। 

undefined

विदिशा में बस ने बच्चे को कुचला, मौत के बाद बवाल 
विदिशा के सिरोंज में बुधवार (5 फरवरी) को भीषण हादसा हुआ। पिता के साथ खड़े बच्चे को बस ने कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौत हो गई। ड्राइवर और कंडक्टर फरार हो गए। घटना के बाद भीड़ इकट्‌ठा हो गई। लोगों ने बस में बैठी सवारियों को नीचे उतारा। बस में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। हालात को संभाला। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि नटेरन तहसील के हिनौची निवासी कल्याण सिंह जाटव अपने बेटे सूरज जाटव के साथ सड़क किनारे खड़े थे। तभी आरोन से भोपाल की ओर जा रही शक्ति ट्रैवल्स की बस ने बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आग लगाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

5379487