Rameshwar Sharma: बीजेपी विधायक और मध्य प्रदेश के पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के महाकुंभ पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का जन्मदाता और नेतृत्व विदेशी है। पार्टी में स्वदेशी भाव पूरी तरह खत्म हो चुका है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस चीन और पाकिस्तान के इशारे पर काम करने वाली पार्टी है। हात्मा गांधी ने रामराज्य की कल्पना की थी, लेकिन कांग्रेस ने राम को ही नकार दिया। कांग्रेस ने गंगा, राम और गौ माता का अपमान किया है।
गंगा और गौ माता भारत की आत्मा
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि गीता, गंगा और गौ माता भारत की आत्मा है। बीजेपी विधायक ने कहा कि कि कांग्रेस ने इन प्रतीकों पर प्रहार किया है। शर्मा ने मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा कि उनसे उम्मीद थी कि वह भारत की संस्कृति को समझेंगे, लेकिन उन्होंने भारत की आत्मा का अनादर किया। कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेसी रोजा- इफ्तारी और बिरयानी के लिए तो तैयार रहते हैं, लेकिन गंगा में डुबकी लगाने नहीं जाते। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सनातन विरोधी है।
'गंगा घाट पर होगा कांग्रेस का पिंडदान
रामेश्वर शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता गंगा घाट पर नाक रगड़कर माफी मांगें। अगर कांग्रेस के नेता ऐसा नहीं करेंगे तो जनता गंगा घाट पर कांग्रेस का पिंडदान कर देगी। शर्मा ने गया के गंगा घाट का जिक्र करते हुए कहा कि लोग वहां पिंडदान करने जाते हैं। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ देशभर में गुस्सा है। कांग्रेस ने गंगा, राम और गौ माता का अपमान कर भारत की संस्कृति को चोट पहुंचाई है।
'गंगा डुबकी से होता है अरबों का व्यापार'
रामेश्वर शर्मा ने गंगा में डुबकी लगाने से होने वाले फायदे भी गिनाए। बीजेपी विधायक ने कहा कि गंगा में डुबकी से न केवल मोक्ष मिलता है, बल्कि इससे अरबों का व्यापार भी होता है। शर्मा ने कहा कि इससे फूल, अगरबत्ती और नारियल का व्यापार जिंदा है। रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस डुबकी वाले फोटो नहीं खिंचवा सकती क्योंकि उनके "बाप पाकिस्तान में बैठे हैं।" शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच पूरी तरह से विदेशी हो चुकी है।
कांग्रेस को 'सनातन विरोधी' बताया
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सनातन विरोधी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रामकृष्ण, गौतम और महावीर जैसे महान विभूतियों का अपमान कर रही है। शर्मा ने कांग्रेस नेताओं पर आतंकवादियों की मौत पर आंसू बहाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रवैया भारतीय संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ है। शर्मा ने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस के इस रवैये को समझें और उसे खारिज करें।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाकुंभ को लेकर क्या कहा?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को महाकुंभ में बीजेपी नेताओं के डुबकी लगाने पर विवादित बयान दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि बीजेपी नेताओं में गंगा में डुबकी लगाने के लिए होड़ मची है। गंगा में डुबकी लगाने से देश की गरीबी दूर नहीं होगी। खड़गे ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए यह बयान दिया था। खड़गे ने कहा था कि मैं किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता। वे लोग कहते हैं कि हर मस्जिद के नीचे शिवलिंग नहीं ढूंढे लेकिन लोगों को ऐसा करने के लिए हमेशा उकसाते रहते हैं।