Logo
Anganwadi workers Protest: मध्य प्रदेश के 5 जिलों में लागू पोषण आहार वितरण की नवीन व्यवस्था का जबरदस्त विरोध शुरू हो गया। शुक्रवार (14 फरवरी) को सतना में सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका कलेक्ट्रेट का घेराव कर दिया।

Anganwadi workers Protest: मध्य प्रदेश के सतना सहित पांच जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर लागू पोषण आहार वितरण की नवीन व्यवस्था का जबरदस्त विरोध शुरू हो गया है। शुक्रवार (14 फरवरी) को सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका इस योजना के खिलाफ कलेक्ट्रेट का घेराव किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। 

क्या है पोषण आहार वितरण की नई व्यवस्था? 
पोषण आहार वितरण योजना में मिल रहीं गड़बड़ी की शिकायतें के मद्देनजर महिला बाल विकास विभाग ने इसके लिए पोषण ट्रैकर ऐप बनाया है। इस ऐप की मदद से आहार वितरण की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक अक्षय श्रीवास्तव ने 5 फरवरी को आदेश जारी कर हितग्राहियों की ई-केवाईसी और स्पॉट फोटो कैप्चरिंग के बाद पोषण आहार वितरण की अनिवार्यता लागू कर दी है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह व्यवस्था सतना सहित 5 जिलों में शुरू की गई है। 

पोषाहार वितरण की नई व्यवस्था का विरोध क्यों? 
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण आहार वितरण की नई व्यवस्था को अव्यवहारिक बताया है। कहा, मोबाइल नेटवर्क अभाव क्षेत्र में इसे लागू नहीं किया जाना संभव नहीं है। कार्यकर्ताओं को इसके लिए जरूरी मोबाइल और डेटा भी नहीं उपलब्ध कराया जा रहा। इनके अलावा भी कई चुनौतियां हैं, जिनका समाधान होने तक वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। 

सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन 
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने जिला महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यक्रम में अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं हैं। साथ ही विभागीय आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा है। सतना में यह ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राहुल सिलाडिया और महिला बाल विकास विभाग के सहायक संचालक को ज्ञापन सौंपा है। कहा, जब तक हमारी मांगों पर विचार नहीं किया जाता, नई वितरण प्रणाली का विरोध जारी रखेंगी। 
 
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मुख्य मांगें

  • मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि ऐप आधारित वितरण प्रभावी हो सके।
  • सभी कार्यकर्ताओं को क्षमतावान मोबाइल डिवाइस उपलब्ध कराए जाएं।
  • मोबाइल डेटा खर्च की प्रतिपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
  • दूर-दराज क्षेत्रों के लाभार्थियों के लिए वैकल्पिक वितरण व्यवस्था लागू की जाए।
  • गर्भवती महिलाओं के माइके जाने या इलाज के लिए बाहर जाने पर उनके लिए विशेष सुविधा दी जाए।
  • पोषण ट्रैकर ऐप को हिंदी भाषा में उपलब्ध कराया जाए ताकि सभी कार्यकर्ता इसे आसानी से समझ सकें।
  • पोषण आहार की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करने का सुझाव दिया गया।

प्रदर्शन का नेतृत्व एवं भागीदारी
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व बुलंद आवाज नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष अंजू सिंह बघेल और मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विकल्प गौतम ने किया। इसमें  सुषमा श्रीवास्तव, अनीता तिवारी, राजकुमारी मिश्रा, मधु श्रीवास्तव, संध्या गुप्ता, शाहीन सिद्दीकी, मोनिका कपूर, सीता त्रिपाठी, सुचिता तिवारी, रचना मिश्रा, अंजली गर्ग, सुधा विश्वकर्मा सहित सतना-मैहर जिलों की सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका शामिल हुईं। 

jindal steel jindal logo
5379487