Logo
Aaj Ka Mausam: देश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से मौसम नई करवट ले रहा है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी हो रही है। राजस्थान और एमपी में गर्मी बढ़ी है तो दक्षिण भारत और नॉर्थइस्ट में बारिश के आसार हैं। जानें देश का मौसम अपडेट।

Aaj Ka Mausam: देश भर में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से मौसम नई करवट ले रहा है।आईएमडी के मुताबिक, अगले 48 घंटों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश हो सकती है। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। दिल्ली में तापमान 28°C तक पहुंच चुका है, जो सामान्य से 4.6°C अधिक है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में दिन का तापमान बढ़ा है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। आइए जानते हैं देश के किस राज्य में कैसा है मौसम का हाल। 

जम्मू कश्मीर: पहाड़ी इलाकों में 3 से 6 इंच तक बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। सोमवार को गुलमर्ग, सोनमर्ग, दूधपटरी और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में 3 से 6 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई। इसके साथ ही श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 3.0°C और अधिकतम तापमान 10.0°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में कश्मीर और जम्मू के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। गुलमर्ग, सोनमर्ग और कुपवाड़ा में ताजा बर्फबारी ने नजारा बेहद खूबसूरत बना दिया है, लेकिन इसके चलते ठंड भी बढ़ गई है। बर्फबारी के कारण कई सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं और गाड़ियों की आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। 

हिमाचल प्रदेश: 14 फरवरी से एक्टिव होगा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और कुल्लू में हल्की बर्फबारी हो सकती है। शिमला और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से धूप खिली है, जिससे दिन में तापमान सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, 14 फरवरी के बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है, जिससे फिर से बर्फबारी और ठंडक बढ़ सकती है। आईएमडी ने कहा है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से हिमाचल प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 

दिल्ली:  28°C पहुंचा तापमान, दिन में बढ़ी उमस
दिल्ली में सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 28°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.6°C ज्यादा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को हल्का कोहरा रहेगा और आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, अभी बारिश की संभावना नहीं है। अचानक बढ़ी गर्मी के कारण लोगों को दोपहर में हल्की उमस महसूस हुई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान इसी तरह बना रह सकता है, जिससे फरवरी के मध्य में ही गर्मी का एहसास होने लगा है।

राजस्थान: बूंदाबांदी के बीच तापमान 5°C तक बढ़ा
राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है। जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर और अजमेर समेत कई शहरों में दिन का तापमान 31°C से ऊपर पहुंच गया। बीकानेर और अलवर समेत कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। दिन में गर्मी का असर बढ़ेगा, लेकिन रातें अभी भी ठंडी बनी रहेंगी। जयपुर में बादलों के बीच हल्की ठंडी हवाएं चलीं, जिससे सुबह और रात के वक्त हल्की ठंडक बनी रही।

मध्य प्रदेश: 13 फरवरी से फिर सर्दी लौटेगी
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर मध्य प्रदेश में भी नजर आने लगा है। पगुना में एक ही दिन में तापमान 5.4°C बढ़ गया। रतलाम, सिवनी और मंडला में तापमान 33°C तक पहुंच गया। प्रदेश के अधिकतर शहरों में पारा 30°C से ज्यादा बना हुआ है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन गर्मी का असर रहेगा, लेकिन 13 फरवरी से एक बार फिर ठंड लौट सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात के तापमान में गिरावट आएगी और ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

पंजाब: गर्मी बढ़ी, पटियाला का तापमान 27°C के पार
पंजाब में दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक बना हुआ है। गर्मी बढ़ गई है। पटियाला में अधिकत तापमान सबसे ज्यादा 27.1°C दर्ज किया गया। राज्य के कई हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। रात में ठंड बरकरार है, लेकिन दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 13 फरवरी के बाद हल्की ठंडक लौट सकती है।

उत्तर प्रदेश: 7 ℃ के साथ सबसे अयोध्या सबसे ठंडा
उत्तर प्रदेश में दिन का तापमान मौसम के सामान्य स्तर से 3-5 डिग्री अधिक बना हुआ है। लखनऊ, कानपुर और वाराणसी में हल्की धुंध देखी गई, लेकिन दिन में धूप निकलने से गर्मी महसूस हुई। अयोध्या 7 ℃ के साथ सबसे ज्यादा ठंडा है। कानपुर शहर में  8.2℃, सुल्तानपुर में 9.5℃, चुर्क में 8.2℃ और बहराइच में 8.4℃ तापमान दर्ज किया गया है। फिलहाल मौसम ना तो ज्यादा गर्म और ना ही ज्यादा ठंडा है। पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। अगले 48 घंटों में मौसम गर्म रहेगा। पश्चिमी यूपी में 13 और 14 फरवरी के बाद हल्की बारिश के आसार हैं।

बिहार: पटना समेत कई शहरों में तापमान बढ़ा
बिहार में कोहरे का असर कम हो गया है, लेकिन दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। पटना, गया और भागलपुर में दिन का पारा 28°C तक पहुंच गया, जबकि रात का तापमान 12-14°C दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 13 फरवरी से राज्य में मौसम में बदलाव हो सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा में तापमान 34.4°C तक पहुंचा
छत्तीसगढ़ में सर्दी के बाद अब गर्मी का अहसास होने लगा है। बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 6.1°C दर्ज किया गया, जो सबसे ठंडा रहा। वहीं, दंतेवाड़ा में तापमान 34.4°C तक पहुंच गया, जिससे यह सबसे गर्म स्थान बन गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 फरवरी के बाद रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। फिलहाल, राज्य के अधिकतर इलाकों में दिन में गर्मी महसूस की जा रही है और तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है।

दक्षिण भारत : केरल और तमिलनाडु में बारिश के आसार
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं। चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना हुआ है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में दिन में गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

नॉर्थईस्ट: तीन राज्यों में हो सकती है हल्की बारिश
नॉर्थईस्ट में मौसम फिर करवट ले रहा है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रातें ठंडी बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने असम और मेघालय में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

jindal steel jindal logo
5379487