Ara Railway Station Murder: बिहार के आरा रेलवे स्टेशन पर सनसनीखेज घटना हो गई। मंगलवार (25 मार्च) की शाम सिरफिरे आशिक ने बाप-बेटी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों की हत्या के बाद युवक ने खुद को गोली मार ली। स्टेशन में गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सिरफिरे ने प्रेम प्रसंग के चलते घटना को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
#WATCH आरा, बिहार: आरा रेलवे स्टेशन पर 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 26, 2025
ASP परिचय कुमार ने बताया, "आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 3 और 4 के बीच ओवरब्रिज पर गोली लगने से 3 लोगों की मृत्यु हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 23-24 साल के एक व्यक्ति ने 16-17 साल की लड़की… pic.twitter.com/uIuAeOAsZg
मामले की जांच की जा रही है
ASP परिचय कुमार ने बताया कि आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 3 और 4 के बीच ओवरब्रिज पर गोली लगने से 3 लोगों की मृत्यु हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 23-24 साल के एक व्यक्ति ने 16-17 साल की लड़की और उसके पिता को गोली मारी। बाद में उसने खुद को भी गोली मार ली। मामले की जांच की जाएगी।
दिल्ली जा रहे थे बाप-बेटी
जानकारी के मुताबिक, उदवंतनगर थाना क्षेत्र निवासी अनिल सिंह (55), उनकी बेटी जिया कुमारी (20) दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार होने के लिए आरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। मंगलवार शाम को अमन कुमार (20) पिता शत्रुघ्न सिंह भी स्टेशन आ गया। सनकी ने स्टेशन के ओवरब्रिज पर पहले आयुषी को गोली मारी। इसके बाद उसके पिता अनिल को गोली मारी।
धांय-धांय की आवाज से फैली सनसनी
दोनों की हत्या के बाद अमन कुमार ने खुद को गोली मारकर मौत के घाट उतार लिया। वारदात के वक्त 10 साल का भाई आरुष भी साथ था, उसकी जान बच गई। वो एक कोने में खड़े होकर रोता रहा। स्टेशन पर धांय-धांय की आवाज से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्रेम प्रसंग के कारण हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक चेहरे पर मास्क लगाकर लड़की का पीछा कर रहा था। मौका मिलते ही उसने फायरिंग कर दी। प्रेम प्रसंग के कारण युवक ने पिता-पुत्री की हत्या के बाद खुद को गोली मारी। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पूरी जांच के बाद ही घटना के पीछे की वजह साफ होगी। घटनास्थल से एक पिस्टल, एक गोली भी बरामद की गई है। पुलिस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
नवोदय में साथ पढ़ते थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, लड़का और लड़की दोनों बिहिया नवोदय स्कूल में साथ में पढ़ते थे। उसके बाद लड़की स्नातक की पढ़ाई करने के लिए दिल्ली चली गई। वहां स्नातक थर्ड ईयर में थी। वहीं, लड़का आरा में ही रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था।