Logo
PM Modi in Prayagraj: पीएम मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चुनावी रैली को संबोधित किया। मंच से पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा।

PM Modi in Prayagraj: प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चुनावी रैली को संबोधित किया। मंच से पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि आज जब भारत आगे बढ़ रहा है तो हर देशप्रेमी इससे खुश है। लेकिन, समाजवादी पार्टी(सपा), कांग्रेस और INDI गठबंधन वालों को भारत का गौरवागान हजम नहीं होता। कांग्रेस के शहजादे भारत को गाली देने के लिए विदेश जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि  प्रयाग कैसे अनंत आशीर्वाद दे रहा है, ये आपका उत्साह बता रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का यह लोकसभा चुनाव यह तय करेगा कि भारत के भविष्य की त्रिवेणी किधर बहेगी।

'प्रयाग तपोभूमि है, ये कुंभ की भव्यता की धरती है' 
पीएम मोदी ने कहा कि तीर्थराज प्रयागराज के इस पावन धरती पर यहां के सभी परिवार को मेरा प्रणाम। आज मंगलवार है और पास में ही बड़े हनुमानजी का पावनधाम है। मैं परेड ग्राउंड के इस मंच से प्रयाग के आराध्य और त्रिवेणी को प्रणाम करता हूं। प्रयाग तपोभूमि है, ये कुंभ की भव्यता की धरती है। यहां कटरा के कचौरी भी हैं और समोसे का स्वाद भी है। यहां इलाहाबाद यूनिवर्सिटी भी है और गुरु भारद्वाज के आश्रम भी हैं। यहां लेटे हनुमानजी भी हैं और माता अलाेपी भी हैं। इसलिए, तीर्थराज प्रयागराज का आशीर्वाद मतलब पूरे ब्रह्मांड का आशीर्वाद है। 

'भारत अब दुनिया में अपनी आवाज बुलंद कर रहा है'
आज भारत की पहचान कैसे होती है। अब भारत की पहचान एक्सप्रेस वे से होती है। इंफ्रास्ट्रक्चर से होती है। बड़े बड़े देश मुझे कहते हैं कि भारत की डिजिटल टेक्नोलॉजी हमें भी चाहिए। भारत अब दुनिया में अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। भारत जी-20 का आयोजन करवाता है तो पूरी दुनिया हैरान हो जाती है। यही तो प्रयागराज का मिजाज है कि यहां के लोग ना किसी से दब कर रहते हैं और ना ही किसी से डरकर रहते हैं। जो जिंदादिली मैंने प्रयागराज के लोगों में देखी है, वह कम ही मिलती है। यही मिजाज तो आज के भारत का भी मिजाज है। 

'इंडी गठबंधन वालों से विकास नहीं हो सकता'
पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन वाले चुनाव भी किस एजेंडे पर लड़ रहे हैं। इनका एजेंडा है कि कश्मीर में आर्टिकल 370 फिर से लाएंगे। सीएए को फिर से रद्द कर देंगे। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए बने कड़े कानूनों को रद्द कर देंगे। क्या यह सबकुछ करने के लिए इंडी गठबंधन वालों और सपा, कांग्रेस वालों को एक भी वोट देंगे क्या? क्या देश को दिशा देने वाली प्रयागराज की धरती को इन लोगों की हरकत मंजूर होगी। इंडी गठबंधन और सपा, कांग्रेस वालों का सुशासन से और हमारी आस्था से छत्तीस का रिश्ता है। भारत का कोना कोना इस बात की गवाही देता है कि इंडी गठबंधन वालों से विकास नहीं हो सकता।

' सपा, कांग्रेस में तुष्टिकरण का कॉम्पीटिशन होता था'
पीएम मोदी ने कहा कि प्रयागराज में होने वाले कुंभ का ही उदाहरण देखिए, सपा और कांग्रेस के समय भीड़ में भदगड़ मच जाती थी। लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती थी। हर तरफ अव्यवस्था होती थी। जानते हैं क्यों, क्योंकि उन्हें कुंभ से ज्यादा अपने वोट बैंक की चिंता रही है। अगर कुंभ के लिए ज्यादा कुछ करते दिख गए तो कहीं उनका वोट बैंक बुरा ना मान जाए। इन लोगों को वोट बैंक का इतना डर सताता था। सपा, कांग्रेस में तुष्टिकरण का कॉम्पीटिशन होता था। राम मंदिर का बहिष्कार करने वाले लोग, सनातन को डेंगू, मलेरिया कहने वाले ये लोग, अगले साल होने वाले कुंभ को क्या कभी अच्छी से करने देते क्या?

' मोदी का मंत्र है विकास भी, विरासत भी'
पीएम मोदी ने कहा कि मोदी का मंत्र है विकास भी, विरासत भी। अभी अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना है। अब निषाद राज के श्रृंगवेरपुर का भी विकास भी किया जाएगा। श्रृंगवेरपुर राम वन गमन पथ का प्रमुख तीर्थ बनेगा। क्या सपा, कांग्रेस वाले कभी भी ये काम करेंगे। सपा, कांग्रेस के शहजादों को अपने परिवार के आगे कुछ भी नहीं दिखता है। कांग्रेस तो आजादी का सारा श्रेय भी एक परिवार को देना चाहती है। आपको मालूम होगा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति बनी है, यह दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति है। सरदार वल्लभभाई पटेल कांग्रेस के थे, लेकिन मूर्ति मोदी ने बनवाया। लेकिन, कांग्रेस का परिवार उधर जाना नहीं चाहते, उन्हें डर लगता है कि अगर इतनी बड़ी मूर्ति की परछाई भी उन पर पड़ जाएगी तो  शायद उन पर आफत आ जाएगी।

'सपा और कांग्रेस का चरित्र ही विकास विरोधी है'
पीएम मोदी ने कहा कि सपा और कांग्रेस का चरित्र ही विकास विरोधी है। सपा और कांग्रेस के समय प्रयागराज से बहुत भेदभाव हुआ। आपको याद है ना, कि कैसे बिजली के लिए यहां के लोगाें को तरसाकर रखा जाता था। हर दुकान के आगे जनरेटर का शोर और धुआं रहता था। आज, हमारे सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य हर जिले को भरपूर बिजली दे रहे हैं। 2017 से पहले हमारे किसान भाई रात-रात भर जागकर खेतों में सिंचाई किया करते थे। आज किसानों को भी आसानी से बिजली मिल रही है। आज हमारा प्रयाग विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 

'परिवारवादी पार्टियाें के शासन में क्या होता था?'
पीएम मोदी ने कहा कि प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ फोरलेन हाईवे, गंगा एक्सप्रेस वे, हल्दिया से प्रयागराज तक वॉटरवे, अमृत स्टेशन और वंदे भारत ट्रेनें, हर क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और अंडरपास, गंगा जी पर आइकॉनिक केबल ब्रिज, मंगरौली एयरपोर्ट का कायाकल्प, पहले जो कल्पना नहीं होती थी, आज वो साकार हो रहा है। साथियों यूपी के ऐसे फर्स्ट टाइम वोटर हैं, जिन्हें पता ही नहीं होगा कि परिवारवादी पार्टियाें के शासन में क्या होता था। कैसे हमारी बहन बेटियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल होता था। उद्योग धंधे सब चौपट पड़े थे। उद्योग धंधे चौपट पड़े थे, किसी भी व्यवसायी को वसूली का फरमान आ जाता था। यहां पर खुलेआम सड़कों पर बम, गोलियां चलती थी। गूंडे, माफिया बेखौफ अपनी शेखी बघारते थे। सीधे सच्चे लोग दहशत में जीते थे। यहां के दुकानदार और कारोबारी क्या भूल सकते हैं कि उनकी क्या हालत होती थी।

'यूपी में माफिया के खिलाफ सफाई अभियान चल रहा है'
पीएम मोदी ने कहा कि जब से यूपी में बीजेपी की सरकार आई है माफिया के खिलाफ यहां सफाई अभियान चल रहा है। सपा के सरकार में माफिया गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे। अब सरकार उनके अवैध महलों को तोड़कर बीजेपी सरकार वहां गरीबों के लिए घर बनवा रही है। प्रयागराज शिक्षा का इतना बड़ा केंद्र हैं। यहां के युवा कभी भूल नहीं सकते कि सपा सरकार कैसे आपके सपनों का सौदा करते थे। मेहनत आपकी लेकिन नौकरी किसी और को मिलती थी। नौकरी घूस देने वालों को और जाति देखकर दी जाती थी। यूपी सर्विस कमीशन को इन्होंने परिवार सर्विस कमीशन बना दिया था। यूपी की कितनी प्रतिभाओं का भविष्य इन लोगोंं ने बर्बाद कर दिया था।

'इंडी गठबंधन वालों की नैया डूब रही है,इनका एक ही सहारा है, झूठ'
पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन वालों की नैया डूब रही है। इनका एक ही सहारा है, झूठ, लगातार झूठ, हर जगह पर झूठ और बार-बार झूठ। ये लोग संविधान के बारे में झूठ फैला रहे हैं। संविधान को किससे खतरा है ये प्रयागराज के लोगों से बेहतर कौन जान सकता है।  जरा बताइए, कि आपातकाल लगाकर संविधान को बदलने की साजिश किसने की थी। इसी इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कांग्रेस की तानाशाही पर लगाम लगाई थी। रायबरेली में लोकतंत्र को लूटने की कोशिश की गई थी। हाईकोर्ट ने उस चुनाव को रद्द करके इंदिरा गांधी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी। इतने साल बीत गए लेकिन कांग्रेस पार्टी का चरित्र नहीं बदला।

'मैं सपा, कांग्रेस को दलितों और पिछड़ों का आरक्षण नहीं छीनने दूंगा'
पीएम मोदी ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर भी धर्म के आधार पर आरक्षण के खिलाफ थे। लेकिन, कांग्रेस, सपा वाले संविधान के खिलाफ जाकर दलितों, पिछड़ों का आरक्षण अपने वोट बैंक को , वोट जिहाद वालों को देने की तैयारी में हैं। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने ओबीसी कोटा का आरक्षण मुसलमानों को दे दिया है। अब यही काम ये लोग देश भर में करना चाहते हैं। लेकिन मोदी आज प्रयागराज की धरती पर गारंटी देने आया है कि मैं दलितों और पिछड़ों का आरक्षण इन लोगों को छीनने नहीं दूंगा। ये मोदी की गारंटी है। मोदी आगे भी आपकी सेवा करता रहा, इसके लिए एक सशक्त सरकार चाहिए। 

5379487