Logo
हनुमान जी महाराज की पूजा-पाठ कर नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने गुरुवार को किया पदभार ग्रहण। पहला ही दिन अफसरों से कहा कि, अब काम दिखना चाहिए, नगर साफ-सुथरा हो, हर घर में शुद्ध पानी पहुंचे।

 श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। प्रखर हिंदूवादी नेता राजिम नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेश यादव गुरुवार को शुभ मुहुर्त में नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान सबसे पहले उन्होने नगर पंचायत के प्रवेश द्वार पे सिर झुकाकर प्रणाम किया। उसके बाद अपने कक्ष में पहुंचकर विधिविधान के साथ पंडित संतोष मिश्रा के मंत्रोच्चारण के बीच चांदी के श्री हनुमान जी महाराज की पूजा-अर्चना की।

इस दौरान उन्होने हनुमान जी महाराज से प्रार्थना की कि, राजिम का समुचित विकास उच्चस्तर पर हो। पूरे शहर के लोगो के लिए सुख समृद्धि की मंगल कामना की। पत्रकारों से चर्चा करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि, नगर के विकास के लिए वे जी तोड़ मेहनत करेंगे। पहली प्राथमिकता उनकी स्वच्छता अभियान की होगी। शहर हरा-भरा रहे, साफ-सुथरा रहे और हर घरों में शुद्ध पीने का पानी पहुंचे ऐसा निर्देश उन्होने पदभार ग्रहण करते ही अफसरो को दिया है। उन्होंने कहा कि, वे रोज सुबह शहर के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करेंगे। जहां समस्या दिखेगी उसका त्वरित निदान किया जाएगा। मुहल्लेवासियो से उनकी जरूरतो को पूछा जाएगा। 

महानदी की सफाई का अभियान चलाएंगे
महानदी की स्वच्छता को लेकर भी वे व्यापक अभियान चलाएंगे। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान में जोड़ेंगे। श्रमदान के लिए लोगो को प्रेरित करेंगे। अफसरो और नगर पंचायत के कर्मियो से साफ-साफ कहा कि समस्या लेकर आने वाले हर लोगो के साथ सही बर्ताव करें और सम्मानपूर्वक उनकी बात सुने। किसी को भी भटकने की जरूरत न पड़े। कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अपने डयुटी में रोज निर्धारित समय में पहुंचे और शाम 5 बजे तक कार्यालय में रहकर काम करें। वे अचानक सुबह 10 बजे भी पहुंचकर कार्यालय में निरीक्षण कर सकते हैं। 

ढर्रे पर से लौट आएं, अब समस्याओं को गंभीरता से लेना होगा
अध्यक्ष महेश यादव ने राजिम नगर पंचायत के अफसरों एवं कर्मियो की मैराथन बैठक ली। दोपहर 1 बजे से शुरू हुई यह बैठक करीब तीन घंटे शाम 4 बजे तक चली। इस दौरान हर विभागो के प्रभारी से उनके कार्यो के बारे में जानकारी ली। कहा कि, अब ढर्रा नहीं चलेगा, काम तत्परता से करने होंगे। लोगो की समस्याओं को गंभीरता से लेकर हल करने की दिशा में काम करना होगा। 

पदभार ग्रहण के दौरान इनकी रही मौजूदगी
पदभार ग्रहण करने के दौरान उनकी धर्मपत्नी स्वर्णलता शर्मा यादव, नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, तुषार कदम, भारत यादव, आकाश राजपूत, सुमित्रा निराला, कुलेश्वर साहू, रेखा-कुलेश्वर साहू, सुरेश पटेल, अजय पटेल, बलराम यादव, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू, महामाया प्रबंध समिति के अध्यक्ष लिलेश्वर यदु, ताराचंद मेघवानी, सुनील तिवारी, पवन सोनी, रामकुमार साहू, साधु निषाद, नीतू जैन, सिंटु सौरभ जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

5379487