Logo
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को द्वारका में चुनाव प्रचार के दौरान इस मुद्दे को एक बार फिर जोर-शोर से उठाया और केजरीवाल सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा का मुख्यमंत्री उस बंगले में नहीं रहेगा। शाह ने केजरीवाल सरकार के यमुना सफाई के दावों पर भी हमला बोला।

Amit Shah Delhi elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और केजरीवाल के शीशमहल (लग्जरी बंगले) का मुद्दा लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को द्वारका में चुनाव प्रचार के दौरान इस मुद्दे को एक बार फिर जोर-शोर से उठाया और केजरीवाल सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा का मुख्यमंत्री उस बंगले में नहीं रहेगा। 

केजरीवाल पर अमित शाह का तीखा हमला

अमित शाह ने अपने भाषण में केजरीवाल को जमकर घेरा और कहा कि जो नेता खुद को आम आदमी कहता था, वह अब शीशमहल में रहता है। दिल्ली की जनता पानी और बिजली के लिए तरस रही है, लेकिन केजरीवाल ने जनता के पैसे से 45 करोड़ रुपए का महल बना लिया। भाजपा की सरकार बनने के बाद हमारा मुख्यमंत्री उस बंगले में नहीं रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP सरकार ने जनता के पैसों का दुरुपयोग किया और दिल्ली के विकास के बजाय अपने ऐशो-आराम पर ध्यान दिया।  

यमुना सफाई के वादे पर भी घेरा

गृह मंत्री अमित शाह ने केजरीवाल सरकार के यमुना सफाई के दावों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि वह यमुना के पानी को इतना साफ कर देंगे कि उसमें खुद डुबकी लगाएंगे। लेकिन क्या उन्होंने ऐसा किया? नहीं। भाजपा कार्यकर्ता केजरीवाल का कटआउट लेकर यमुना में डुबकी लगाने गए, लेकिन कटआउट भी बीमार पड़ गया और एम्स के आईसीयू में भर्ती हो गया। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद 3 साल में यमुना को साफ किया जाएगा और रिवरफ्रंट बनाया जाएगा।

भाजपा ने शीशमहल को चुनावी मुद्दा बनाया

भाजपा ने केजरीवाल के बंगले को चुनावी मुद्दा बनाकर जनता के बीच भुनाने की पूरी कोशिश की है। पार्टी लगातार आरोप लगा रही है कि AAP सरकार ने जनता के टैक्स के पैसों का दुरुपयोग किया और गरीबों के लिए काम करने के बजाय अपने ऐशो-आराम पर ध्यान दिया। भाजपा प्रवक्ताओं ने कई बार इस मुद्दे को उठाया है, और अब खुद गृह मंत्री अमित शाह ने भी इसे लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है कि भाजपा का मुख्यमंत्री इस बंगले में नहीं रहेगा।  

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव 2025: कांग्रेस ने केजरीवाल सरकार पर उठाए सवाल, शीला दीक्षित के शासन की याद दिलाते हुए किए बड़े दावे

भाजपा के वादे- यमुना सफाई और पारदर्शी शासन

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा दिल्ली में पारदर्शी सरकार देगी और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने तीन बड़े वादे किए, भाजपा सरकार बनने के बाद तीन साल में यमुना का पानी पूरी तरह साफ किया जाएगा। दिल्ली को नया पर्यटन केंद्र बनाने के लिए यमुना के किनारे भव्य रिवरफ्रंट बनाया जाएगा। भाजपा सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देगी, जहां जनता के पैसे का दुरुपयोग नहीं होगा।

भाजपा शीशमहल के मुद्दे को पूरी ताकत से जनता के सामने रख रही है। विपक्ष भी इसे लेकर AAP सरकार पर हमलावर है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या शीशमहल मुद्दा चुनावी नतीजों पर असर डाल पाएगा या नहीं। अब सबकी नजरें 5 फरवरी 2025 को होने वाले मतदान और 8 फरवरी को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं।

ये भी पढ़ें: Delhi Elections 2025: अरविंद केजरीवाल का बड़ा दावा, बोले- AAP को दिल्ली में मिलेगी 55 से ज्यादा सीटें, महिलाएं साथ दें तो 60 के पार जाएंगे

5379487