Delhi Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतकर अपने 27 साल का सूखा खत्म करने की पूरी कोशिश कर रही है। इसके लिए कार्यकर्ताओं से लेकर, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और एनडीए के सहयोगी दलों के नेता प्रचार कर रहे हैं। रविवार को दिल्ली में भाजपा की राह आसान करने के लिए तेलुगु के देशम पार्टी के मुखिया और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शाहदरा में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने शाहदरा की जनता को आंध्र प्रदेश की भाषा में संबोधित किया और भाजपा को नोट देने की अपील की। 

शाहदरा में भाजपा का मास्टर प्लान

भाजपा के इस कदम को शाहदरा में मास्टर प्लान माना जा रहा है क्योंकि इस क्षेत्र में काफी संख्या में आंध्र प्रदेश के लोग रहते हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत समय की मांग है। अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली की हालत खराब कर रखी है। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली में भाजपा को समर्थन देने के लिए आए हैं और उन्होंने भाजपा को विश्वास दिलाया है कि तेलुगु समुदाय भाजपा के साथ खड़ा होगा। हमारे देश के पीएम मोदी धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर हर वर्ग के लिए काम करते हैं। 

'दिल्ली में भाजपा की सरकार बनना समय की मांग'

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे में दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बनना समय की मांग है। पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में मजबूत और प्रगतिशील सरकार की जरूरत है। साथ ही उन्होंने आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ ही शाहदरा के लोगों से भी दिल्ली में भाजपा को वोट करने की अपील की। उन्होंने आगे कहा कि अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार होती, तो दिल्ली वाशिंगटन की तरह बन गया होता। उन्होंने देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत दुनिया की नंबर वन अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। 

ये भी पढ़ें: चांदनी चौक में राघव चड्ढा और मीका सिंह की जुगलबंदी, केजरीवाल बोले- पैसे ले लें, लेकिन स्याही न लगवाएं