Atishi Statement on Delhi New Government: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख घोषित किए जाने के बाद कार्यवाहक सीएम आतिशी ने पार्टी पर सवाल खड़े किए हैं। आतिशी ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के 10 दिन बाद भी भाजपा मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं कर सकी है।
उनके पास सरकार चलाने के लिए एक भी चेहरा नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने 48 विधायकों में से किसी एक पर भरोसा नहीं है। कार्यवाहक सीएम ने कहा कि जनता इंतजार कर रही, लेकिन भाजपा मुख्यमंत्री पर फैसला ही नहीं ले पा रही है। इससे साबित हो गया ह कि भाजपा के पास कोई नेता नहीं है, जो सरकार चला सके।
27 साल बाद सत्ता में लौटी है भाजपा
दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम आठ फरवरी को जारी हुआ था। भाजपा 27 साल बाद सत्ता में लौटी है। पार्टी ने 70 में से 48 सीटें जीती हैं। भाजपा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के 10 साल के शासन को समाप्त कर दिया। बता दें, नए मुख्यमंत्री को लेकर दो महिला नेता समेत पांच नाम चर्चा में हैं। इनमें प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, पवन शर्मा, रेखा गुप्ता और शिखा राय शामिल हैं। हालांकि, पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि शीर्ष नेतृत्व किसी नवनिवार्चित विधायक को मुख्यमंत्री बना सकता है।
ये भी पढ़ें: नई दिल्ली हादसे पर आरोपों की राजनीति शुरू, केजरीवाल से लेकर पवन खेड़ा तक...जानें किसने क्या कहा?
20 फरवरी को होगा शपथ ग्रहण समारोह
भाजपा ने नई सरकार के गठन को लेकर कहा है कि 20 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह होगा। 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सीएम का नाम तय किया जाएगा। इससे पहले पार्टी की ओर से आधिकारिक बयान आया था कि 17 फरवरी यानी आज विधायक दल की बैठक होगी और 18 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह होगा। फिर कुछ घंटों बाद तारीखों में बदलाव किया गया। पार्टी ने इसकी वजह नहीं बताई है
शपथ ग्रहण समारोह में 12 से 16 हजार लोगों को बुलाने की तैयारी
शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होगा। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दर्जनों केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को बुलाने की तैयारी है। इस समारोह की व्यवस्था के लिए भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ प्रभारी बनाए गए हैं।
ये भी पढ़ें: नई दिल्ली हादसे पर आरोपों की राजनीति शुरू, केजरीवाल से लेकर पवन खेड़ा तक...जानें किसने क्या कहा?