Delhi BJP organization elections: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव की तैयारी तेज हो चुकी है और जल्द ही इसके चुनाव कराए जाएंगे। दिल्ली भाजपा की संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया आगामी सप्ताह से शुरू होगी। बीजेपी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने दिल्ली प्रदेश के संगठन चुनावों के लिए पूर्व विधायक महेंद्र नागपाल को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। तो वहीं, विजय सोलंकी और योगेश को सहचुनाव अधिकारी बनाया है।
दलित और ओबीसी चेहरे पर लगा सकती है दांव
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली बीजेपी इस बार संगठन चुनाव में दलित या ओबीसी समुदाय से किसी नेता को बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। पार्टी का फोकस सामाजिक समीकरण साधने और हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने पर है।
ऐसे होंगे संगठन चुनाव
भाजपा के संगठन चुनावों में नीचे से ऊपर तक पूरी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सबसे पहले बूथ स्तर पर चुनाव होगा। फिर मंडल, जिला और आखिर में प्रदेश समिति का गठन किया जाएगा।
बीजेपी संगठन को करना चाहती है मजबूत
बता दें कि पिछले 27 सालों से भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रर्दशन नहीं कर पाई थी, जिसके कारण उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। तो वहीं, इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी को दिल्ली की सत्ता से बाहर कर दिया और अपना 27 सालों का वनवास खत्म कर लिया। ऐसे में जीत का सिलसिला जारी रखने के लिए बीजेपी संगठन को और मजबूत करना चाहती है। यही कारण है कि भाजपा 2027 में होने वाले नगर निगम चुनाव से पहले संगठन में बड़ा बदलाव करना चाहती है। भाजपा का संगठन चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि आगामी नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी जमीनी स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं को मजबूत करना चाहती है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद: गौरक्षा के मुद्दे पर नेताओं से मुलाकात करना चाहते थे, दिल्ली पुलिस ने रोका