DMRC decision Delhi elections 2025: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 5 फरवरी को होने वाले मतदान और 8 फरवरी को मतगणना के दिन दिल्ली मेट्रो सेवाओं में अहम बदलाव करने की घोषणा की है। मेट्रो की सेवाएं इन दोनों दिनों पर सुबह 4 बजे से ही शुरू हो जाएंगी, जिससे चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों और मतदाताओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

सुबह 4 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा और मतगणना 8 फरवरी को की जाएगी। इन दोनों अहम दिनों पर दिल्ली मेट्रो अपनी सभी लाइनों पर सुबह 4 बजे से ही संचालन शुरू करेगी। डीएमआरसी के अनुसार, ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि चुनावी प्रक्रिया में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाबलों को ड्यूटी पर जाने में कोई समस्या न हो।  

पहली दो घंटे हर 30 मिनट में मिलेगी मेट्रो सेवा

डीएमआरसी ने बताया कि 5 और 8 फरवरी को सुबह 6 बजे तक सभी मेट्रो लाइनों पर 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद, पूरे दिन मेट्रो सेवाएं सामान्य तरीके से संचालित होंगी।  

मतदान कर्मचारियों के लिए रात में भी बढ़ाई जाएगी सेवा

डीएमआरसी के अनुसार, मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 5 और 6 फरवरी की मध्यरात्रि को अंतिम मेट्रो सेवाओं को बढ़ाया जाएगा। इससे चुनाव ड्यूटी के बाद कर्मचारियों को घर लौटने में सहूलियत मिलेगी।  

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव में अमित शाह का बड़ा ऐलान: हमारा सीएम शीशमहल में नहीं रहेगा, केजरीवाल पर किया तीखा हमला 

चुनाव के दिन दिल्ली में रहेगा हाई अलर्ट

दिल्ली विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजधानी में अर्धसैनिक बलों की 150 से अधिक कंपनियां तैनात की जाएंगी, जबकि 30,000 से ज्यादा दिल्ली पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।  

चुनावी शोर थमा, अब मतदान की बारी

दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार का दौर सोमवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया। अंतिम दिन सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी। पूरे शहर में रोड शो, पदयात्राएं और जनसभाओं का आयोजन किया गया। अब सभी की नजरें 5 फरवरी के मतदान और 8 फरवरी को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए प्रचार समाप्त: 5 फरवरी को मतदाता करेंगे फैसला, जानें किस नेता ने क्या-क्या कहा?