Anil Vij first reaction on Haryana BJP notice: हरियाणा सरकार के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए विज ने मंगलवार को कहा कि उन्हें इस नोटिस की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। बेंगलुरु से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इसका जवाब मैं मीडिया को नहीं, बल्कि पार्टी को दूंगा।
विज ने आगे कहा कि मैं तीन दिन से बेंगलुरु में था, आज ही लौटा हूं। अब पहले घर जाऊंगा, ठंडे पानी से नहाऊंगा, रोटी खाऊंगा और फिर बैठकर जवाब लिखूंगा, जिसे हाईकमान को भेजूंगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह नोटिस मुख्यमंत्री नायब सैनी की सहमति से दिया गया है, तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि यह किसकी सहमति से जारी हुआ है।
भाजपा हाईकमान ने तीन दिन में मांगा जवाब
अनिल विज को यह शोकॉज नोटिस मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के खिलाफ की गई बयानबाजी के कारण जारी किया गया है। भाजपा हाईकमान ने उनसे तीन दिन के भीतर इसका जवाब देने को कहा है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व विज के बयानों से नाराज है और उन्हें अनुशासन में रहने की हिदायत दी गई है। यह मामला तब और गर्माया जब विज ने सार्वजनिक तौर पर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
ये भी पढ़ें- अनिल अंबानी की रिलायंस कैपिटल को मिला नया मालिक, अधिग्रहण की तारीख हुई कंफर्म
अनिल विज और भाजपा नेतृत्व के बीच तनातनी
अनिल विज हरियाणा की राजनीति में अपने स्पष्टवादी और बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। कई मौकों पर उन्होंने अपनी ही सरकार और पार्टी के खिलाफ टिप्पणी की है। हाल ही में उन्होंने प्रदेश भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री पर कटाक्ष किए थे, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व ने यह कड़ा कदम उठाया। विज के बयानों को लेकर भाजपा के अंदर ही दो धड़े बन गए हैं, एक पक्ष उनका समर्थन कर रहा है तो दूसरा उनके बयानों को अनुशासनहीनता मान रहा है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने की पंजाब के मंत्रियों और विधायकों संग बैठक