Logo
Bhopal News in Brief, 11 March: भोपाल में मंगलवार (11 मार्च) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी। आइए नजर डालते हैं राजधानी की छोटी-बड़ी खबरों पर...।

Bhopal News in Brief, 11 March: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासत, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी रोजाना कई खबरें हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि के 'भोपाल टूडे न्यूज' सेगमेंट में भोपाल से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और भोपाल शहर की हर खबर से जानकारी को बढ़ाएं।

भोपालवासियों के लिए जरूरी खबरें ; Bhopal Today Live 

भोपाल के 25 से ज्यादा क्षेत्रों में आज गुल रहेगी बिजली 
राजधानी भोपाल के 25 से ज्यादा क्षेत्रों में मंगलवार को बिजली गुल रहेगी। डेयरी स्टेट, बरखेड़ा खुर्द, शारदा विहार, केरवा गेस्ट हाउस और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 दोपहर 1 बजे बिजली गुल रहेगी। अंबर कॉम्प्लेक्स और आसपास क्षेत्र में सुबह 11:30 से दोपहर 12 बजे तक लाइट नहीं रहेगी। आनंदम, रीगल कलश, शिवलोक ग्रीन, अभिनव परिसर और आसपास क्षेत्र में सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक बिजली कटौती होगी।

इन इलाकों में भी बिजली कटौती 
शिव नगर, उड़िया बस्ती, शंकर नगर, कल्याण नगर, छोला मंदिर, रिम्बर मार्केट, प्रेम नगर, भानपुर, लीलाधर कॉलोनी, मालीखेड़ी, कैंची छोला, नव जीवन कॉलोनी और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बिजली गुल रहेगी। नई बस्ती, अर्जुन वार्ड, महावीर बस्ती और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक बिजली कटौती होगी। 

हिंदी भवन में जिंदगी के रंग कई रे" 15 को
रंगभूमि सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति के तत्वावधान में 15 मार्च को हिंदी भवन में एक विशेष नाट्य मंचन "जिंदगी के रंग कई रे" का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद को समर्पित होगा, जिसमें विभिन्न लघु कथाओं और कहानियों का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी नेता जी - कानूनी कुमार सहित गोकुल सोनी, घनश्याम मैथिल 'अमृत', चरणजीत सिंह कुकरेजा, मनोरमा पंत, कांता राय, अनीता सक्सेना और यशवंत गोरे जैसे प्रतिष्ठित लेखकों की रचनाओं की प्रस्तुति दी जाएगी। इस नाट्य मंचन का रूपांतरण एवं निर्देशन अशोक बुलानी द्वारा किया जा रहा है। 15 मार्च की शाम 5:30 बजे हिंदी भवन में ये अनूठी साहित्यिक और नाट्य प्रस्तुति होगी।

वेदों से वेदान्त तक" का विमोचन आज
अखिल भारतीय साहित्य परिषद, भोपाल इकाई के तत्त्वावधान में सुरेश पटवा द्वारा रचित पुस्तक "वेदों से वेदान्त तक" का लोकार्पण 11 मार्च को दुष्यंत कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय में शाम 4:30 बजे संपन्न होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता रघुनंदन शर्मा, अध्यक्ष, मानस भवन करेंगे। मुख्य अतिथि डॉ साधना बलवटे, निदेशक, निराला सृजन पीठ होंगी। सारस्वत अतिथि डॉ राजेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष, रामायण केंद्र हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ नुसरत मेहदी, निदेशक, मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी होंगी। पुस्तक चर्चा के अंतर्गत विषय प्रवेश सनातन विषयक विद्वान डॉ प्रभात पाण्डे द्वारा किया जाएगा।

होली की जलाऊ लकड़ी के लिए वन विभाग खोलेगा विक्रय केन्द्र
भोपाल में होली के लिए जलाऊ लकड़ी मुहैया कराने के लिए वन विभाग विक्रय केन्द्र शुरू करेगा। यहां से रियायती दरों पर लकड़ी मुहैया कराई जाएगी। पिछले साल शहर में ऐसे 15 केन्द्र खोले गए थे। इस साल केन्द्रों की सूची जारी होना बाकी है। साथ ही दाम भी तय नहीं हो पाए। अहमदपुर डिपो सहित शहर में 15 स्थानों पर वन विभाग अस्थाई विक्रय केन्द्र तैयार करेगा। यहां से जलाऊ लकड़ी मुहैया कराई जाएगी। बीते साल इसकी कीमत करीब आठ सौ रुपए क्विंटल रखी गई थी। वन अधिकारियों के मुताबिक रियायती दरों पर यहां से लकड़ी दी जाएगी। 

चल समारोह 14 को दयानंद चौक से निकलेगा
हिंदू उत्सव समिति का होली पर चल समारोह 14 मार्च शुक्रवार को दयानंद चौक जुमेराती से निकलेगा। समारोह जुमेराती गेट, घोड़ा नक्कास, कुंदन नमकीन, मंगलवारा,जैन मंदिर रोड, इतवारा, चिंतामन चौक, पीपल चौक, लखेरापुरा, भवानी चौक सोमवारा, सिंधी मार्केट होते हुए जनकपुरी में समाप्त होगा। समारोह में डीजे, ढोल-ताशे, राधा-कृष्ण और भोलेनाथ के स्वरुप, फूल और रंगो भरे वाहनों पर लोगों के साथ होली खेलते हुए ट्राले पर धूमधाम के साथ निकलेगा। प्रत्येक चौराहे पर पानी के रंग भरे टैंकरों की बौछारों से हुलियारों स्वागत होगा।

वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के मतदान 23 को
वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति अयोध्या नगर भोपाल के तृय वार्षिक(2025-2028) चुनाव की घोषणा की जा चुकी है। वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के सचिव राजा राम जैन ने बताया कि फॉर्म प्राप्ति दिनांक 15 मार्च 2025 से और जमा 20 मार्च तक और नाम वापसी दिनांक 22 मार्च तक की जा सकेगी। फॉर्म की प्राप्ति, जमा सायंकाल 6 बजे से 8 बजे तक चुनाव दिनांक 23 मार्च समय सुबह 10 बजे से 1 बजे तक वोट डाले जाएंगे। साथ ही इसी दिन सायंकाल 6 बजे परिणाम की घोषणा की जाएगी। सभी कार्य के लिए स्थाल वाचनालय डी-सेक्टर अयोध्या नगर भोपाल रहेगा। 

भोपाल में शराब की कीमतों में 15% होगा इजाफा 
भोपाल जिले में एक अप्रैल से शराब की कीमतों में 15 प्रतिशत तक इजाफा हो जाएगा। इस बार शहर की 87 शराब दुकानों की नीलामी के लिए दो प्रयास में सफलता नहीं मिलने के बाद विभाग ने सभी 35 ग्रुप निरस्त कर दिए थे। बाद में सभी दुकानों को केवल चार ग्रुप में बांटकर नीलामी करवाई गई। इस फार्मूले से विभाग को वित्तीय वर्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए टारगेट 1173 करोड़ रुपए के मुकाबले 1193 करोड़ रुपए की आमदनी होगी। दुकानें घोषित मूल्य से 120 करोड़ रुपए ज्यादा में नीलाम हुई हैं। शराब दुकानों की नीलामी में इस बार एमपी नगर-हबीबगंज ग्रुप सबसे महंगा नीलाम हुआ है।

5379487