Bhopal News in Brief, 18 February: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासत, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी रोजाना कई खबरें हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि के 'भोपाल टूडे न्यूज' सेगमेंट में भोपाल से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और भोपाल शहर की हर खबर से जानकारी को बढ़ाएं।
भोपालवासियों के लिए जरूरी खबरें ; Bhopal Today Live
भोपाल के 100 से ज्यादा इलाकों में आज गुल रहेगी बिजली
राजधानी भोपाल के 100 से ज्यादा इलाकों में मंगलवार को बिजली गुल रहेगी। होशंगाबाद रोड, सागर रॉयल, सुरेन्द्र लैंडमार्क, शालीमार सेवन गार्डन, फॉर्च्यून ग्लोरी, चिनार फॉर्च्यून, नंदन पैलेस, डाटा कॉम, वृंदावन गार्डन, विद्या नगर सी सेक्टर, डी सेक्टर, भारत पेट्रोलियम कॉलोनी, कवाड़ी, क्रोमा, डी मार्ट, पैसिफिक ब्लू, इंडियन कॉफी हाउस, रॉयल एनफील्ड सागर लाइफ स्टाइल और आसपास क्षेत्र में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली गुल रहेगी। अमरावद खुर्द गोअन, गिरनार कॉलोनी, मल्होत्रा कॉलेज, गिरनार हिल्स, गैलेक्सी और आसपास क्षेत्र में सुबह 11 से सुबह 11:45 बजे तक बिजली कटौती होगी।
इन इलाकों में बिजली गुल रहेगी
आकृति ग्रीन नीव, आईबीडी रॉयल और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से 10:30 बजे तक और शाम 4 से 4 बजे तक बिजली कटौती होगी। सरस्वती नगर, इंद्र नगर और आसपास क्षेत्र में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक लाइट नहीं रहेगी। स्नेहा नगर, मोहिनी दीप, अरण्य एन्क्लेव, श्रीराम कॉलोनी और आसपास क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली गुल रहेगी। करुणा धाम, स्काउट और गाइड, विज्ञान केंद्र, हसनत नगर, प्रताप नगर, गांधी नगर, एमएलबी कॉलेज, पॉलिटेक्निक, क्रिस्प, राष्ट्रीय अभिलेखागार, प्रोफेसर कॉलोनी, सिविल लाइन, किलोल पार्क, धोबी घाट, गर्ल्स हॉस्टल और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बिजली कटौती होगी।
इन क्षेत्रों में भी गुल रहेगी बिजली
एनजी क्वार्टर, 102 क्वार्टर, पोलनेट, क्षेत्रीय, पैरामाउंट, अंसल भवन, अहाता और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बिजली गुल रहेगी। जनक पुरी, नारायण गुरु हाउसिंग सोसाइटी, राज सम्राट कॉलोनी, श्रवण कांता होम्स, सागर लेक व्यू और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बिजली कटौती होगी। ब्रिटिश पार्क, रिलायंस गोदाम, राजहंस होटल, नगर निगम मक्सी, साई पार्क, कौशल नगर, निर्मल स्टेट, एक्सेल स्टेट, फार्च्यून सौम्या हेरिटेज, झरनेश्वर, मधुवन विहार, 11 मील, दीप मोहिनी और आसपास क्षेत्र में सुबह 10:30 से शाम 4 बजे तक बिजली गुल रहेगी।
पुलिस वाटर Sports प्रतियोगिता 21 फरवरी तक चलेगी
राजधानी भोपाल के बड़े तालाब में पांच दिनों तक देशभर की जलपरियों का जलवा दिखेगा। 123 महिला खिलाड़ी कयाकिंग,केनोइंग और रोइंग में 180 पदकों के लिए अपना जौहर दिखाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को 24 वीं अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोट्र्स प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें कई राज्यों की पुलिस टीमें और केंद्रीय सुरक्षा बलों की इकाइयों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता 21 फरवरी तक चलेगी। बड़े तालाब में बना वॉटर Sports सेंटर देश में अपने आप में अनूठा है। यहां से निकले कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर चुके हैं।
केरल के हिंदी साहित्यकारों का दल आज भोपाल में
भोपाल के रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय हिंदी केंद्र के आमंत्रण पर केरल के हिंदी साहित्यकारों का 20 सदस्यीय दल 18 फरवरी को भोपाल आ रहा है। इस दल में केरल के प्रसिद्ध हिंदी-मलयाली साहित्यकार डॉ. आरसू , मलयालम-हिंदी के वरिष्ठ अनुवादक एवं लेखक डॉ. के. सी. अजयकुमार एवं अन्य लेखक एवं अनुवादक शामिल हैं। ये सभी साहित्यकार 19 से 21 फरवरी तक विश्वविधालय द्वारा आयोजित वनमाली कथा समय एवं विष्णु खरे कविता सम्मान समारोह में भी भागीदारी करेंगे। इस अवसर पर कथा यात्रा (मलयालम) तथा मध्यप्रदेश के कथाकारों की रचनाओं का मलयाली अनुवाद 'मध्यप्रदेश कथकल' का भी लोकार्पण होगा।
भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर में 24 और 25 फरवरी को
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 24 और 25 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जीआईएस का शुभारंभ करेंगे। भव्य आयोजन मानव संग्रहालय परिसर में होगा। समिट (जीआईएस) में यूके, जर्मनी और जापान ही नहीं, बल्कि अमेरिका और चीन जैसे 61 देशों के निवेशक व बड़े औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसके लिए सरकार ने कई देशों के निवेशकों को निमंत्रण भेज दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद यूके, जर्मनी व जापान जाकर वहां के निवेशकों को न्यौता दे चुके हैं। अब अन्य देशों के प्रमुखों को न्यौता देने राज्य के आइएएस अधिकारियों का दल जाएगा। ज्यादातर को न्यौता भेजा जा रहा है।
वन विहार का एक नंबर गेट 20 तक रहेगा बंद
राजधानी भोपाल के बड़े तालाब (बोट क्लब) पर 24वीं अखिल भारतीय वॉटर स्पोट्र्स चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान वन विहार राष्ट्रीय उद्यान का बोट क्लब की ओर स्थित प्रवेश द्वार क्रमांक-1, 20 फरवरी तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। वन विहार के गेट क्रमांक-1 से सिर्फ पैदल पर्यटकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। दो पहिया, चार पहिया व छ: पहिया वाहनों का प्रवेश और निकास गेट क्रमांक-1 से पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पर्यटकों के लिए वन विहार में भ्रमण के लिए आने-जाने के लिए सैर सपाटा की ओर स्थित प्रवेश द्वार क्रमांक-2 खुला रहेगा।
आज से बच्चों का डिजिटल हीमोग्लोबीनोमीटर से ब्लड टेस्ट होगा
एमपी के पांच साल तक की आयु के बच्चों की घर घर जाकर डिजिटल हीमोग्लोबीनोमीटर से ब्लड टेस्ट किया जाएगा। जांच में एनीमिक पाए गए बच्चों को आयरन सप्लीमेंटेशन का सेवन करवाया जाएगा। यह प्रक्रिया 18 फरवरी से 18 मार्च तक चलने वाले दस्तक अभियान के दौरान होगी। साथ ही 9 माह से 5 साल के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के तहत एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी द्वारा घर-घर जाकर दस्तक दी जाएगी। अभियान की तैयारियों के संबंध में जिला और विकासखंड स्तरीय समीक्षा कर कार्ययोजना बनाई गई है।
चायनामा में दास्ताने-ए-भोपालियत 23 को
हैल्पबॉक्स फाउंडेशन का चायनामा संवाद अपना एक वर्ष पूर्ण कर रहा है। बीते एक साल में आयोजित विभिन्न सत्रों में भोपाल की शख्सियतों ने अपनी जीवन यात्रा तथा संस्मरणों से लोगों को नवाजा और समृद्ध किया है। ऐसे में प्रथम वर्षगांठ पर 'चायनामा' इस बार 'दास्ताने-ए-भोपालियत' थीम पर होगा। इसमें लुत्फ़ रहेगा भोपाली किस्सों और नामी हस्तियों की दिलचस्प बातें का। यह कार्यक्रम 23 फरवरी को सुबह 11 बजे से दुष्यंत कुमार पांडुलिपि संग्रहालय में आयोजित होगा।
महामृत्युंजय मंदिर में कल होगी प्राण प्रतिष्ठा
भोपाल के नर्मदापुरम रोड 11 मील स्थित महामृत्युंजय मंदिर में शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को प्रतिमा का जलाधिवास और अन्नाधिवास कराया गया। प्रतिमा जयपुर से लाई गई है, जो 4 फीट की है। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न अनुष्ठान कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही यहां शिव कथा का आयोजन भी हो रहा है। मंगलवार को विभिन्न अनुष्ठान होंगे और शिवकथा का समापन होगा। इसके बाद 19 फरवरी को प्रतिमाओं का नगर भ्रमण होगा और विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।