Logo
Bhopal News in Brief, 9 February: भोपाल में रविवार (9 फरवरी) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी। आइए नजर डालते हैं राजधानी की छोटी-बड़ी खबरों पर...।

Bhopal News in Brief, 9 February: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासत, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी रोजाना कई खबरें हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि के 'भोपाल टूडे न्यूज' सेगमेंट में भोपाल से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और भोपाल शहर की हर खबर से जानकारी को बढ़ाएं। 

भोपालवासियों के लिए जरूरी खबरें ; Bhopal Today Live

भोपाल के 20 इलाकों में आज बिजली कटौती 
राजधानी भोपाल के 20 से ज्यादा इलाकों में रविवार को दो से आठ घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। जिन इलाकों में बिजली बंद रहेगी, उनमें गोविंदपुरा, आधारशिला, टीला रोड, पूर्वांचल, बीडीए जैसे कई बड़े इलाके भी शामिल हैं। ऐसे में लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, इसलिए वे समय से पहले अपने जरूरी काम निपटा दें। ताकि, उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

इन इलाकों में बिजली कटौती
बीडीए, पूर्वांचल, वैभव विहार, आधारशिला ईस्ट, इनोक्ष टॉवर, अजय हाइट्स, स्टार एवेन्यू, राजीव पैलेस और आसपास क्षेत्र में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली गुल रहेगी। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सुरभि मोहिनी, विद्यासागर, युगांतर और आसपास क्षेत्र में लाइट नहीं रहेगी। चंबल, गोविंदपुरा, बिजली नगर कॉलोनी और आसपास इलाके में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक बिजली कटौती होगी। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक जीएडी चौराहा, एलबीएस हॉस्पिटल, शॉपिंग सेंटर, टीला रोड और आसपास क्षेत्र में लाइट नहीं रहेगी। 

केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में कार्यशाला आज से
केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी भोपाल में 9 से 10 फरवरी को उप पुलिस अधीक्षकों, उप निरीक्षकों और आरक्षकों की प्रत्यक्ष भर्ती एवं पुलिस प्रशिक्षण के लिए मॉडल पाठ्यक्रम तैयार करने के संबंध में अपेक्स बॉडी कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला की अध्यक्षता केन्द्र सरकार के वरिष्ठतम सेवानिवृत्त आईपीएस के. विजय कुमार करेंगे। कार्यशाला का उद्घाटन 9 फरवरी को सुबह 10 बजे और समापन 10 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा। 

आज भोपाल आएंगे गुरुग्रंथ साहिब के स्वरूप
राजधानी भोपाल के गुरुद्वारा गुरुनानक टेकरी में रविवार को गुरुग्रंथ साहिब के स्वरूप पहुंचेंगे। यहां अभी 50 स्वरूप लाए जा रहे हैं। इन्हें विराजमान करने के लिए गुरुद्वारे में स्थान बनाया है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष परमवीर सिंह वजीर ने बताया कि यहां से गुरुद्वारों के साथ-साथ जो लोग अपने घर में सेवा करना चाहते हैं, उन्हें यह स्वरूप नियमानुसार प्रदान किए जाएंगे। अगर कोई घर में सेवा करना चाहता है तो इसके लिए पांच सदस्यीय कमेटी वहां जाएंगी और घर की िस्थति के बारे में जानकारी लेगी। पूरी तहकीकात के बाद कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, इसके बाद ही स्वरूप प्रदान किए जाएंगे।

भोपाल में ये शाम मस्तानी' संगीत संध्या आज
स्वरांजली कल्चरल सोशल वेलफेयर सोसायटी भोपाल द्वारा 84वां सांगीतिक कार्यक्रम 'ये शाम मस्तानी' 9 फरवरी को लॉयन आशियाना ऑडिटोरियम, सीनियर सिटीजन होम, चूनाभट्टी के सभागार में शाम 4.30 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में 5 वर्ष से 75 वर्ष तक के सभी आयु वर्ग द्वारा शानदार नए पुराने फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। जिनमें से 4 कलाकारों द्वारा बांसुरी, सिंथेसाइज़र आदि पर गीत प्रस्तुत करेंगे। इन कलाकारों में 3 दिव्यांग कलाकार भी शामिल हैं। इस कार्यक्रम में 6 वर्ष से 10 वर्ष तक के कुल 75 बाल कलाकारों द्वारा वृद्धजनों के मनोरंजन तथा उन्हें यादगार पल देने के उद्देश्य से 4 समूह गान की प्रस्तुत किए जाएंगे।

प्रशासन की टीम आज मोती नगर में करेगी कार्रवाई 
भोपाल के मोती नगर बस्ती से जुड़ी दुकानों को रविवार सुबह जमींदोज किया जाएगा। यहां दुकानदारों को खुद अपनी दुकान खाली करने के लिए प्रशासन ने समय दिया था। इस दौरान काफी दुकान खाली हो चुकी हैं। लोगों ने यहां से अपना सामान उठा लिया है। अब प्रशासन का अमला आज सुबह दुकानों तोड़कर 40 साल पुराने मार्केट को खत्म कर देगा। यहां 110 दुकान हैं और सुभाष ब्रिज थर्ड लेग के लिए इन्हें हटाया जा रहा है। यहां मोती नगर के 550 मकान को भी हटाना है, लेकिन इसके लिए दो चरणों में कार्रवाई होगी।  प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अपने 135 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा नगर निगम, पुलिस के कर्मचारी और अफसर अलग है।

नर्मदा जयंती महोत्सव आज 
नार्मदीय ब्राह्मण समाज 9 फरवरी को नर्मदा जयंती महोत्सव का आयोजन कर रहा है। इस अवसर पर कलश यात्रा, नर्मदा पूजन तथा मेधावी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। समाज के अध्यक्ष गणेश पाराशर ने बताया कि शिल्पी सोसायटी स्थित मारुतिनंदन हुनुमान मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक रामेश्वर शर्मा होंगे तथा पार्षद ज्योति मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।  

गुफा मंदिर में उपनयन संस्कार महोत्सव 14 को
भोपाल के रामानंद आश्रम गुफा मंदिर धाम पर सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन 14 फरवरी को किया जाएगा। इसके पहले तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 12 फरवरी से होगी। इसमें अनेक बटुकों का उपनयन किया जाएगा। 12 जनवरी को पंचांग पूजन के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। 13 फरवरी को पीठ पूजन सहित अन्य कर्मकांड होंगे। 14 फरवरी को उपनयन संस्कार किया जाएगा। कार्यक्रम महंत रामप्रवेशदास के सान्निध्य में होगा।  

बीपीएल पोर्टल 14 फरवरी तक रहेगा बंद
समग्र और बीपीएल संबंधित काम करने हैं तो अभी निपटा लें। 14 फरवरी तक के लिए समग्र, बीपीएल, एपीआई, एसपीआर जैसी एमपीएसईडीसी द्वारा संचालित एप्लीकेशंस पर काम नहीं होगा। नए सर्वर इंफ्रा एसडीसी 2.0 पर इस माइग्रेट किया जा रहा है। सात दिन इसकी प्रक्रिया चलेगी। बताया जा रह है कि नए सर्वर पर माइग्रेशन से समग्र एप्लीकेशन की दक्षता और कार्यक्षमता में सुधार होगा। बेहतर सेवाएं मिलेगी। एमपीएसईडीसी के प्रबंधक संचालक आशीष वशिष्ठ ने कलेक्टर को इसके लिए पत्र लिखकर सूचित किया है।

जनजातीय साहित्य महोत्सव 11 और 12 फरवरी को
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय 11 और 12 फरवरी को जनजातीय साहित्य महोत्सव का आयोजन करने जा रहा है। इस विशेष महोत्सव में देशभर से आदिवासी विद्वान, लेखक एवं शोधकर्ता भाग लेंगे। चार से अधिक सत्रों में विभिन्न विषयों पर परिचर्चा करेंगे एवं अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। इसके अतिरिक्त महोत्सव के प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में जनजातीय संस्कृति के रंगों से सराबोर लोक नृत्य और गीतों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। राजस्थानी लोक नृत्य दल कालबेलिया, चकरी जैसे प्रसिद्ध राजस्थानी नृत्य एवं लोकगीत प्रस्तुत करेगा। बुंदेली लोक नृत्य दल (छतरपुर) बुंदेली लोकगीत एवं नृत्य प्रस्तुत करेंगे।  

jindal steel jindal logo
5379487