Logo
Khajuraho Lok Sabha Election Update: खजुराहो लोकसभा में इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द होने के बाद बसपा उम्मीदवार कमलेश पटेल शनिवार को सुबह से लापता हैं। वहीं फॉरवर्ड ब्लाक के प्रत्याशी आरबी प्रजापति पर पर्चा वापसी का दबाव बनाया जा रहा है।

Khajuraho Lok Sabha Election Update: खजुराहो लोकसभा सीट में इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द होने के बाद अजीब स्थित बन गई है। यहां से बसपा प्रत्याशी कमलेश पटेल सुबह से लापता हैं। जबकि, आल इंडिया फॉरवर्ड ब्लाक से चुनाव लड़ रहे रिटायर्ड IAS राजा भैया (RB) प्रजापति पर पर्चा वापस लेने का दबाव है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मांगी सुरक्षा 
रिटायर्ड IAS आरबी प्रजापति ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन, रिटर्निंग ऑफिसर पन्ना और छतरपुर कलेक्टर से मामले की शिकायत कर सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की है। बताया कि 5 अप्रैल को अलग-अलग 3 लोगों ने फोन कर नामांकन वापस करने का दबाव बनाया। मैंने उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। लिहाजा, मेरे साथ कुछ भी कर सकते हैं। परिवार के लोग चिंतित हैं। इसलिए चुनाव तक सुरक्षा मुहैया कराई जाए।  

निगम मंडल और बोर्ड चेयरमैन पद का ऑफर 
लोकसभा प्रत्याशी आरबी प्रजापति को 5 अप्रेल को दोपहर 1.36 बजे कटरा निवासी पूर्व जनपद अध्यक्ष राम विशाल बाजपेयी ने मोबाइल कॉल कर 16 मिनट 4 सेकंड बात की और पर्चा वापस लेने का दबाव डाला। इसके बाद दोपहर 1.55 बजे राजा द्विवेदी खड्डी ने फोन पर 50 सेकेंड बात की। दोपहर 2.26 बजे अमित बाजपेयी ने 4 मिनट बात की। सभी ने उम्मीदवारी वापस लेने का दबाव डाला और निगम-मंडल और बोर्ड अध्यक्षता पद की पेशकश की, लेकिन मैंने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। 

पिप्पल बोले-चुनाव प्रचार में व्यस्त होंगे
बसपा प्रत्याशी कमलेश पटेल के सुबह से दोनों मोबाइल बंद हैं। पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष ने भी इस बात की पुष्टि की है। हालांकि, बसपा के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल ने कहा, भाजपा के संपर्क में होने की बात अफवाह है। वह चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। इसलिए संपर्क नहीं हो पा रहा होगा। 

खजुराहो लोकसभा सीट में 14 उम्मीदवार 
खजुराहो लोकसभा सीट में निर्दलीय और विभिन्न राजनीतिक दलों से 19 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन स्क्रुटनी के दौरान इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी मीरा यादव सहित पांच अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। जिसके बाद खजुराहो से 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा से विष्णुदत्त शर्मा, बसपा से कमलेश कुमार, फारवर्ड ब्लॉक के आरबी प्रजापति (राजा भइया), लक्ष्मी प्रसाद, पेंटर सुनमान सिंह लोधी, मोहम्मद इमरान, कपिल गुप्ता, केशकली, गिरन सिंह, नंदकिशोर, पंकज मौर्य (कुशवाहा), पन्नालाल त्रिपाठी, फिरोज खां, बिटइया अहिरवार शामिल हैं। 

खजुराहो लोकसभा सीट से अब तक यह रहे सांसद 

साल  जीते हारे
2019 वीडी शर्मा(भाजपा) कविता सिंह (कांग्रेस)
2014  नागेंद्र सिंह (बीजेपी)  राजा पटेरिया (कांग्रेस)
2009  जीतेंद्र बुंदेला (बीजेपी)  राजा पटेरिया (कांग्रेस)
2004  रामकृष्ण कुशमरिया (बीजेपी)  सत्यव्रत चतुर्वेदी (कांग्रेस)
1999  सत्यव्रत चतुर्वेदी (कांग्रेस) अखंड प्रताप सिंह (बीजेपी) 
1998 उमाभारती (बीजेपी)  श्रीराम (कांग्रेस)
1996 उमाभारती (बीजेपी)  मानवेंद्र सिंह (कांग्रेस)
1991 उमाभारती (बीजेपी)  रामरतन  (कांग्रेस)
1989  उमाभारती (बीजेपी)  विद्यावती चतुर्वेदी (कांग्रेस)
1984 विद्यावती चतुर्वेदी (कांग्रेस) उमाभारती (बीजेपी) 
1980 विद्यावती चतुर्वेदी (कांग्रेस) लक्ष्मी नारायण (भारतीय लोक दल)
1977  लक्ष्मी नारायण (भारतीय लोक दल) शिवनारायण खरे, (कांग्रेस)
1962  रामसहाय (कांग्रेस) आरडी मिश्रा, (जनसंघ)
5379487