News in Brief, 2 February: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।
मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update
इंदौर से प्रयागराज के लिए विशेष उड़ान 5 फरवरी से
इंडिगो एयरलाइंस 5 से 14 फरवरी के बीच इंदौर से प्रयागराज के बीच विशेष फ्लाइट संचालित करने जा रहा है। यह फ्लाइट रोजाना प्रयागराज से दोपहर में इंदौर आकर वापस जाएगी। जानकारी के अनुसार इंडीगो की विशेष फ्लाइट 6E2413 और 6E2415 प्रयागराज से 5 से 14 फरवरी के बीच रोजाना दोपहर 12.55 बजे रवाना होकर 2.20 बजे इंदौर पहुंचेगी और इंदौर से 2.55 बजे रवाना होकर 4.20 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। दोनों ओर यात्रा का समय 1.25 घंटे होगा। इससे यात्री बड़ी ही आसानी से महाकुंभ में जाकर वापस आ सकेंगे। कंपनी ने इस फ्लाइट की जो बुकिंग शुरू की है, उसमें शुरुआत से ही इसका एक ओर का किराया 9 हजार से ज्यादा आ रहा है। इस तरह आने और जाने के 18 हजार से ज्यादा चुकाने होंगे।
इसे भी पढ़ें: महाकुंभ जाने वालों को बड़ी राहत: इंदौर से प्रयागराज के लिए विशेष उड़ान; जानिए कैसे होगी बुकिंग, कितना लगेगा किराया
भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन अब 16 मार्च तक चलेगी
उज्जैन-भोपाल-उज्जैन स्पेशल ट्रेन के फेरों में विस्तारित किया गया है। ट्रेन नंबर 09313 उज्जैन-भोपाल स्पेशल उज्जैन से 15 मार्च तक और ट्रेन नंबर 09314 भोपाल-उज्जैन स्पेशल 16 मार्च तक प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन के आगमन/प्रस्थान समय, ठहराव आदि में कोई बदलाव नहीं किया है। भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि लगातार यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया है। 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ को लेकर रेलवे ने भी यात्रियों का ख्याल रखा है। रेलवे कुंभ जाने वाले मध्य प्रदेश के यात्रियों की सुविधा के लिए 40 ट्रेन चलाने जा रहा है। इनमें से ज्यादातर ट्रेनों में सीटें उपलब्ध हैं, जबकि कुछ ट्रेनों में वेटिंग भी हैं। ये ट्रेनें मध्य प्रदेश के 35 से ज्यादा स्टेशनों से गुजरेंगी।
इसे भी पढ़ें: Bhopal News in Brief, 2 February: भोपाल में आज कहां क्या हुआ? एक क्लिक में पढ़ें जरूरी खबरें
9वीं-11वीं की परीक्षा कल से होगी शुरू
मध्य प्रदेश में कक्षा नौंवी और ग्यारहवीं की परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू हो जा रही हैं। कक्षा ग्यारहवीं में पहला प्रश्रपत्र हिंदी का होगा। नौंवी कक्षा की परीक्षा पांच से शुरू होगी। 22 फरवरी को परीक्षा का समापन होगा। इसके बाद से कक्षा पांचवी और आठवीं की परीक्षाएं शुरू हो जाएगी। 24 को पहला पेपर होगा। स्टूडेंट और शिक्षकों को परीक्षा तैयारी में चैटबॉट मदद करेगा। इससे साप्ताहिक समीक्षा की जा सकेगी। ये एआई आधारित है। राज्य शिक्षा केन्द्र ने इसके संबंध में निर्देश दिए हैं।
प्राइवेट स्कूल मान्यता के लिए अब 7 फरवरी तक कर सकेंगे आवेदन
मध्यप्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत आवेदन करने की तिथि में वृद्धि की गई है। प्राइवेट स्कूलों की मान्यता नवीनीकरण और नवीन मान्यता आवेदन की अंतिम तिथि सामान्य शुल्क के साथ 7 फरवरी, 2025 कर दी गई है। इसके अलावा विलंब शुल्क के साथ 14 फरवरी तक आवेदन किए जा सकेंगे। इस संबंध में राज्य शिक्षा केन्द्र ने आदेश जारी किये हैं। पूर्व में यह आवेदन सामान्य शुल्क के साथ 31 जनवरी और विलंब शुल्क के साथ 7 फरवरी तक जमा किये जा सकते थे। आदेश में कहा गया है कि अब तय की गयी तिथि के बाद समय में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं की जाएगी।
भोपाल ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में लोककला की छटा बिखरेगी
भोपाल में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए तैयारियां जारी हैं। अगले 15 दिन में पूरी सिटी का लुक बदला-बदला नजर आने लगेगा। इसके लिए नगर निगम और पीडब्ल्यूडी मिलकर लगभग 100 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। सड़कों का डामरीकरण किया जा रहा है। साथ ही सेंट्रल वर्ज और साइड वर्ज में पौधे रोपे जा रहे हैं। संस्कृति विभाग मेहमानों को मध्यप्रदेश की समृद्ध संस्कृति और विशाल परंपरा से परिचय कराने की योजना बना रहा है। सड़कों की हालत, लाइट और सौंदर्यीकरण के लिए सेंट्रल वर्ज व साइड वर्ज में आकर्षक पौधारोपण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
बाबा महाकाल का गणेश स्वरूप में शृंगार
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के कपाट रविवार सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
खजुराहो बाल नृत्य महोत्सव 20 से 26 फरवरी तक
मध्यप्रदेश के खजुराहो में बाल नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। नृत्य महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए 10 से 16 वर्ष के मध्यप्रदेश के मूल निवासी बाल नृत्य कलाकार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित होने वाले कलाकारों को 20 से 26 फरवरी तक ऐतिहासिक नगरी खजुराहो में आयोजित होने वाले विश्वप्रसिद्ध खजुराहो नृत्य समारोह के दौरान एक पृथक मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त होगा। इस महोत्सव में आवेदन करने के लिए 3 फरवरी को रात 12 बजे तक संस्कृति संचालनालय की वेबसाइट culturemp.in अथवा talent.khajurahodancefestival.com पर आवेदन किया जा सकता है।
भारतीय व्यापार मंडल 25 जिलों में शुरू करेगा शाखाएं
भारतीय व्यापार मंडल मध्य प्रदेश के 25 जिलों में अपनी शाखाएं शुरू करेगा। इससे व्यापारिक समुदाय को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा। यह जानकारी देते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. एस.डी. वीरेंद्र ने बताया कि बैठक से पूर्व, आनंद धाम, भोपाल में संगठन के पदाधिकारियों ने बुजुर्ग भाई-बहनों से मुलाकात की फल वितरित किए। पौधरोपण भी किया गया।
टोक्यो और ओसाका की 20 कंपनियों ने MP में जताई निवेश की इच्छा
मध्य प्रदेश में जापान की 20 नामी औद्योगिक सरकारी और निजी कंपनियां निवेश करने की इच्छुक है। टोक्यो में 10 और ओसाका शहर में 10 कंपनियां कारोबार कर रही हैं। दुनिया के अलग-अलग देशों में ये पहले ही काम कर रही है। इनमें से कुछ भारत के साथ पहले से साझेदार है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह जानकारी पांच दिवसीय जापान यात्रा से लौटने के बाद शनिवार शाम को दिल्ली स्थित मप्र भवन में दी। मुख्यमंत्री इन इन कंपनियों के मालिकों व प्रतिनिधियों समेत 500 से प्रमुख निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआइएस) 2025 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। इसकी शुरुआत 24 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। 25 को समापन होगा।
संग्रहालय का समय बदला
मध्यप्रदेश की जनजातियों के जीवन, देशज ज्ञान, कला परंपरा और सौन्दर्यबोध की विशिष्टता को स्थापित करने और उसकी बहुरंगी, बहुआयामी संस्कृति को संयोजित करने का कार्य जनजातीय संग्रहालय में किया गया है। संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं में मध्यप्रदेश के जनजातीय समुदायों के आवास की वास्तुगत, शिल्पगत और व्यवहारगत रूपों को प्रदर्शित किया गया है। प्रतिवर्ष संग्रहालय का समय परिवर्तित होता है। इसी अवसर पर 1 फरवरी, 2025 से अक्टूबर, 2025 तक दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक संग्रहालय दर्शक एवं पर्यटक के लिए खोला जाएगा। 1 नवम्बर, 2025 (मंगलवार से रविवार) से जनवरी, 2026 तक मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय दोपहर 12 से रात 7 बजे तक दर्शकों एवं पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।