Logo
Curd Making Tips: गर्मी के दिनों में दही की डिमांड काफी बढ़ जाती है। आप चाहें तो घर पर ही मार्केट जैसी गाढ़ी और टेस्टी दही को जमा सकते हैं। आइए जानते हैं इसका तरीका।

Curd Making Tips: गर्मी का सीजन शुरू होते ही घर में दही की डिमांड बढ़ जाती है। मार्केट में मिलने वाली दही में हल्की सी मिठास होने के साथ ही गाढ़ापन काफी होता है जो काफी पसंद किया जाता है। घर पर बहुत से लोग दही जमाते हैं, लेकिन वे मार्केट जैसा गाढ़ापन और स्वाद हासिल नहीं कर पाते हैं। इसके पीछे उनके द्वारा दही जमाने के दौरान की जाने वाली कुछ छोटी-छोटी गलतियां हो सकती हैं। 

आप भी अगर घर पर दही जमाना चाहते हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखें। इससे मार्केट जैसी दही जमाने में काफी मदद मिलेगी। 7 आसान टिप्स को फॉलो कर बाजार में मिलने वाले दही जैसा दही घर पर भी तैयार किया जा सकता है। 

घर में दही कैसे जमाएं?

सही दूध चुनना सबसे जरूरी
मार्केट जैसी गाढ़ी दही बनाने के लिए सबसे पहले सही दूध चुनना जरूरी है। फुल-फैट (3% से ज्यादा फैट) वाला दूध सबसे अच्छा होता है, क्योंकि इससे दही ज्यादा मलाईदार बनती है। गाय के बजाय भैंस का दूध ज्यादा गाढ़ा होता है, जिससे दही भी अच्छी बनती है। अगर आप पैकेट वाला दूध इस्तेमाल कर रहे हैं, तो टोंड या डबल टोंड दूध की बजाय फुल-क्रीम दूध ही लें।

दूध को सही तापमान तक गर्म करें
दूध को अच्छे से उबालें ताकि उसमें मौजूद किसी भी तरह के बैक्टीरिया खत्म हो जाएं और वह सही रूप से जम सके। जब दूध उबल जाए, तो उसे हल्का ठंडा करें। सही तापमान 40-45°C होता है, यानी दूध गुनगुना होना चाहिए। अगर दूध बहुत गर्म होगा, तो दही खट्टा हो सकता है, और अगर ठंडा होगा, तो सही से नहीं जमेगा।

इसे भी पढ़ें: Saffron Purity: असली समझकर नकली केसर तो नहीं खरीद रहे? 6 तरीकों से करें पहचान, नहीं होंगे पैसे बर्बाद

बेहतरीन जामन (स्टार्टर) का इस्तेमाल करें
जामन यानी स्टार्टर कल्चर ही दही को जमाने में सबसे अहम भूमिका निभाता है। बाजार जैसी गाढ़ी दही पाने के लिए हमेशा ताजा, अच्छा और क्रीमी दही का इस्तेमाल करें। अगर आप रोज दही जमाते हैं, तो हर बार पिछली बार की बनी हुई दही से ही जामन लें। एक लीटर दूध के लिए 1-2 चम्मच जामन पर्याप्त होता है।

सही तरह से जामन मिलाएं
जब दूध गुनगुना हो जाए, तब उसमें जामन डालें और उसे अच्छी तरह से मिक्स करें। ध्यान रखें कि जामन को धीरे-धीरे मिलाएं, ताकि दूध का तापमान न बदलें और बैक्टीरिया अच्छे से एक्टिव हो सकें। इसके लिए आप एक बड़े चम्मच से हल्के हाथ से दूध में जामन मिलाएं और बिना हिलाए छोड़ दें।

दही जमाने के लिए सही तापमान बनाए रखें
दही को जमाने के लिए सही तापमान 35-40°C होना चाहिए। गर्मियों में दही जल्दी जम जाती है, लेकिन सर्दियों में इसे सही तापमान देने की जरूरत होती है। ठंड के मौसम में दही को गर्म जगह पर रखें, या फिर किसी मोटे कपड़े से बर्तन को लपेट दें। आप ओवन या माइक्रोवेव में लाइट ऑन करके भी दही जमा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: Water Cooling: गर्मी में मटके का पानी नहीं हो रहा ठंडा? 5 तरीके आज़माएं, फ्रिज से भी ज्यादा ठंडक मिलेगी

सही समय दें और छेड़छाड़ न करें
दही को जमने में 6-8 घंटे का समय लगता है, लेकिन इसे बीच में न हिलाएं। अगर आप बार-बार दही को चेक करेंगे, तो उसकी बनावट सही नहीं बनेगी। जब दही जम जाए, तो उसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि उसका टेक्सचर और बेहतर हो जाए।

मलाईदार टेक्सचर के लिए एक्स्ट्रा टिप्स
अगर आप एक्स्ट्रा क्रीमी दही चाहते हैं, तो दूध उबालते समय उसमें 2 चम्मच दूध पाउडर या एक चम्मच क्रीम मिला सकते हैं। इससे दही ज्यादा स्मूद और गाढ़ी बनेगी। इसके अलावा, तांबे या मिट्टी के बर्तन में दही जमाने से भी इसकी गाढ़ापन और स्वाद बढ़ जाता है।

5379487