राजा शर्मा- डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ विकासखण्ड के मेढ़ा सहकारी सेवा समिति में बीती रात शासकीय धान की चोरी का मामला सामने आया है। जहां धान खरीदी केंद्र के चौकीदारों और समिति प्रबंधक ने एक आरोपी को धर दबोचा है। वहीं बाकी साथ आए आरोपी जगह से भागने में कामयाब रहे। इसमें हैरानी की बात यह रही कि, चोरो ने ही पुलिस वाहन 112 को फोन कर जगह में बुलाया।
दरअसल, यह पूरा मामला राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकास खण्ड अंतर्गत आने वाले सेवा सहकारी समिति मेढ़ा का है। जहां बीती रात कुछ लोगों के द्वारा शासकीय धान की चोरी योजनाबद्ध तरीके से की जा रही थी। फेंसिंग के पास छल्ली बना कर ढक कर रखे धान की बोरियों को चोरी करने के लिए धीरे- धीरे निकाल कर टुकड़ों में कई जगहों पर रखा था। धान से भरी बोरियों को रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच समिति प्रबंधक ने खरीदी केंद्र में लगे सीसीटीवी के मोबाइल ऐप को चालू किया तो देखा कि कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा रात में खरीदी केंद्र के आसपास हलचल की जा रही है। जिसकी जानकारी उसने खरीदी केंद्र के चौकीदारों को मोबाइल से दी और स्वयं अपने घरवालों के साथ मौके पर पहुंचा।
डोंगरगढ़ विकासखण्ड के मेढ़ा के धान खरीदी केंद्र में ग्रामीणों ने एक आरोपी चोरी करते हुए पकड़ा है। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख चोर 112 को फोन कर फरार हो गए। pic.twitter.com/ukD0RRmgpf
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 9, 2025
ग्रामीणों ने बाइक और मालवाहक वाहन किया जब्त
खरीदी केंद्र में प्रबंधक ने धान की बोरी चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद यह खबर गांव में तेजी से फैली और पूरे गांव वाले रात को ही मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़ कर खरीदी केंद्र में बैठा लिया। फरार आरोपियों ने ही पुलिस वाहन 112 को डॉयल कर मौके में पुलिस को भेजा। प्रबंधक ने चोरी करने आए आरोपियों की मोटर सायकल और मालवाहक वाहन को ग्रामीणों ने जब्त कर लिया।
चार- पांच बार हो चुकी है चोरी- समिति अध्यक्ष
प्रबंधक और समिति अध्यक्ष ने मीडिया से चर्चा करते हुए एक हैरानी करने वाला खुलासा किया है। पुलिस को उनके द्वारा नहीं बल्कि चोरी करते पकड़े गए आरोपियों के द्वारा स्वयं बुलाया गया था। जिसके बाद मौके पर डायल 112 पहुंच गई। वहीं क्षेत्र वासियों की माने तो यह चोरी की कोई पहली घटना नहीं है। बल्कि, इस धान खरीदी केंद्र में ही इस घटना को मिलाकर अब तक चार से पांच बार धान की चोरी की जा चुकी है। आसपास के धान खरीदी केंद्रों से भी लगातार धान की चोरी की जानकारी निकलकर सामने आई है। लेकिन आरोपी पहली बार पकड़े गए हैं। जिसके चलते यह मामला थाने तक पहुंच गया है।
मामले की जांच जारी- TI
वहीं थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि चोरी के इस मामले को दर्ज कर लिया है। समिति के जिम्मेदारों के द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही मौके से बरामद एक माल वाहक और दो बाइक के बारे में भी पुलिस जांच में जुटी है। इनके बारे में भी अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
जल्द से जल्द किया जाएगा धान का उठाव- समिति प्रबंधक
इस पूरे मामले में समिति प्रबंधक ने यह भी बताया कि अब तक मेंढ़ा धान खरीदी केंद्र से ही लगभग 500 बोरा धान चोरी किए जाने की बात को मीडिया के सामने आई है। पूरी जानकारी आने के बाद धान का उठाव किया जायेगा। भारी मात्रा में धान संग्रहण को लेकर कहा कि, धान का खरीदी केंद्रों से धान का धीमा उठाव हैं।
धीमा उठाव चोरी की मुख्य वजह
क्षेत्रवासी और समिति प्रबंधक इसके लिए जिम्मेदार धीमा उठाव को बताते हैं। वहीं इस घटना के बाद प्रशासनिक तंत्र पर भी सवाल उठने लगा है कि क्या इतनी बड़ी मात्रा में रखे गए धान की देखरेख के लिए पर्याप्त चौकीदारों की व्यवस्था की गई है। जिससे इसके पहले भी चोर तीन से चार बार चोरी की घटना को अंजाम देने में सफल हुए थे। दूसरी कड़ी को देखें कि, चोरों के द्वारा स्वयं पुलिस को जानकारी देकर मौके पर बुलाना भी कई सवाल खड़े करता है।