नगरी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ऐतिहासिक कर्णेश्वर महादेव मंदिर, देऊरपारा में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बोल बम और हर- हर महादेव के गगनभेदी नारों से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। सुबह से ही महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं मंदिर के सामने नारियल, धतूरा के फूल, अगरबत्ती, बेलपत्र आदि की दुकानों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
महानदी संगम में भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी
महाशिवरात्रि पर महानदी और बालका नदी के पवित्र संगम में श्रद्धालुओं ने स्नान कर शिव आराधना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों का प्रकट्य हुआ था और यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव के रूप में मनाया जाता है।
शिवलिंग का हुआ विशेष पूजन, रुद्राभिषेक और महाआरती
कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट द्वारा विधि- विधान से भगवान शिव का पूजन और रुद्राभिषेक संपन्न किया गया। पूजन में बेलपत्र, धतूरा, शमी, गंगाजल, दूध, दही, चंदन, कनेर के फूल सहित भगवान शिव के प्रिय पुष्प अर्पित किए गए। रात्रि में महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

ग्यारहवीं शताब्दी का है ऐतिहासिक मंदिर
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विकल गुप्ता ने बताया कि, ग्यारहवीं शताब्दी में राजा कर्णराज द्वारा निर्मित यह ऐतिहासिक मंदिर विभिन्न देवी-देवताओं का समूह है। जहां राम-जानकी, गणेश भगवान सहित अन्य मंदिर स्थित हैं। मंदिर के गर्भगृह में विराजित शिवलिंग की महिमा अपरंपार है और विशेष रूप से निसंतान दंपति महाशिवरात्रि के दिन जलाभिषेक कर संतान सुख की याचना करते हैं।
सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र है कर्णेश्वर धाम
मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष निकेश ठाकुर ने बताया कि कर्णेश्वर धाम में प्रतिदिन पूजा-अर्चना व आरती पुजारियों द्वारा की जाती है। यहां वर्षभर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। माघ पूर्णिमा पर पांच दिवसीय भव्य मेला महोत्सव आयोजित किया जाता है, जिसमें उड़ीसा और बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों के देवी- देवताओं की शोभायात्रा निकलती है।
साकरा मानस परिवार ने किया शिव महिमा का गुणगान
महाशिवरात्रि के इस शुभ अवसर पर साकरा मानस परिवार द्वारा दिनभर शिव महिमा का गुणगान किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। इस दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा खीर वितरण किया गया, जिससे भक्ति के साथ सेवा भाव का भी अद्भुत संगम देखने को मिला।
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने लिया आशीर्वाद
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू सहित क्षेत्र के कई नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने कर्णेश्वर महादेव के दर्शन कर क्षेत्र के विकास, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर ट्रस्ट द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों का विशेष सम्मान किया गया।
इन गणमान्य नागरिकों की रही विशेष उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख रूप से संरक्षक कलम सिंह पवार, ललित शर्मा, छबि ठाकुर, रामभरोसे साहू, योगेश साहू, मोहन पुजारी, भरत निर्मलकर, महेंद्र कौशल, हनी कश्यप, उत्तम साहू, गगन नाहटा, रवि भट्ट, कमल डागा, बबलू गुप्ता, नरसिंह मरकाम, दुर्गेश साहू, अनिरुद्ध साहू, डोमार मिश्रा, संतु साहू, टेश्वर ध्रुव, ईश्वर जांगड़े, प्रमेश निषाद, विनोद पुरी गोस्वामी, मनोहर मानिकपुरी, कुलेश साहू सहित समस्त भुरसीडोंगरी क्षेत्र के लोग शामिल रहे।
श्रद्धा, भक्ति और सेवा का संगम बना महाशिवरात्रि महोत्सव
इस भव्य आयोजन ने कर्णेश्वर धाम को आस्था, भक्ति और सेवा का केंद्र बना दिया। श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान शिव के आशीर्वाद से आने वाले समय में कर्णेश्वर धाम और अधिक समृद्ध और भव्य रूप लेगा।