Delhi Politics: दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही आम आदमी पार्टी की तरफ से भाजपा को योजनाओं के आधार पर घेरा जा रहा है। पहले 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को 2500 रुपए मिलने को लेकर हंगामा हुआ। आतिशी और अन्य AAP नेताओं ने प्रदर्शन किया। हालांकि भाजपा ने महिला समृद्धि योजना के तहत किसे और कैसे लाभ मिलेगा, इसको लेकर एक चार सदस्यीय समिति बनाई।
फ्री सिलेंडर के लिए आप का प्रदर्शन
वहीं भाजपा की तरफ से घोषणा की गई थी कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को होली और दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा, हालांकि ऐसा नहीं हुआ। इसको लेकर आम आदमी पार्टी के नेता प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक महिलाओं को फ्री सिलेंडर नहीं मिल जाता, तब तक वे ऐसे ही प्रदर्शन करते रहेंगे। इससे पहले आतिशी भी सिलेंडर कटआउट लेकर महिलाओं के साथ प्रदर्शन कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा था कि आप होली पर मुफ्त सिलेंडर देंगे या फिर ये भी महिला समृद्धि योजना की तरह जुमला साबित होगा।
'भाजपा एक 'जुमला' पार्टी है' आप नेता कुलदीप कुमार
बता दें कि आज दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को फ्री सिलेंडर के लिए आम आदमी पार्टी की तरफ से प्रदर्शन किया जा रहा है। दिल्ली के ITO पर आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप कुमार ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ' पीएम मोदी और जेपी नड्डा ने गारंटी दी थी कि दिल्ली में महिलाओं को होली और दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर मिलेंगे। होली आ चुकी है और सिलेंडर अब तक नहीं मिला है। हम यहां लोगों को यह बताने आए हैं कि भाजपा एक 'जुमला' पार्टी है। दिल्ली के लोगों को न तो मुफ्त सिलेंडर मिले, न ही महिला समृद्धि योजना के तहत 2500 रुपये। हम तब तक विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे, जब तक दिल्ली के लोगों को मुफ्त सिलेंडर नहीं मिल जाते।
ये भी पढ़ें: कौन जिम्मेदार? : दिल्ली में सड़क पर गड्ढे की वजह से बाइक सवार की मौत, DMRC और PWD ने झाड़ा पल्ला