Mohan Singh Bisht: दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने सदन के नियमों का पालन न करने वाले विधायकों को नसीहत दी है। उन्होंने हाल ही में आम आदमी पार्टी के विधायकों द्वारा सदन में हंगामे को लेकर कहा कि विधायकों को विधानसभा की मर्यादा का पालन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग की कि सदन का समय बर्बाद करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की होनी चाहिए।
'जनता ने हमें विधानसभा भेजा है, तो काम पर ध्यान दें'
मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि 'हम लोगों को सदन की मर्यादा को समझना चाहिए। दिल्ली की जनता ने हमें सदन में भेजा है। ये हमारी बपौती नहीं है। जनता द्वारा जिन विषयों के लिए चुना जाता है, उसके लिए सदन में आएं।' उन्होंने विपक्ष द्वारा सदन में हंगामे को लेकर कहा कि 'नेताओं को जिस काम के लिए सदन में भेजा है, उस पर बहस नहीं करना चाहते और सदन का समय बर्बाद करते हैं। ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।'
उन्होंने आगे कहा कि 'दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी के विधायकों को समझ लिया और समझा भी दिया। दिल्ली के लिए जो निर्णय उन्हें लेने चाहिए थे, वो नहीं लिए, इसके कारण जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया।' महिला समृद्धि योजना को लेकर उन्होंने कहा 'महिला समृद्धि योजना को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।'
पंजाब के किसानों पर बोले मोहन सिंह बिष्ट
पंजाब के किसानों को हो रही परेशानी को लेकर उन्होंने कहा 'पंजाब सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। उनके अंदर क्षमता ही नहीं है कि वे किसानों के लिए कुछ कर सकें। पंजबा सरकार तो किसानों की परेशानी को जानने तक की कोशिश नहीं करती।' मोहन सिंह बिष्ट ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि 'अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को मूर्ख बनाया है और पंजाब में भी वही कर रहे हैं। पंजाब सरकार किसानों के साथ जो व्यवहार कर रही है, वो अशोभनीय है। उनके पास किसानों की समस्याएं और मांगें सुनने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने किसानों से बात नहीं की और बॉर्डरों को चारों तरफ से सील कर दिया, जो दुखद है।'
ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस को मिली सफलता: बैंड बाजा बारात गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, जानें कैसे हुआ भंडाफोड़