Logo
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में बताया कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साल 2024 में 74 लाख से ज्यादा चालान और नोटिस जारी करके 46 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई है। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए 23.09 लाख चालान और 51.41 लाख नोटिस जारी किए गए हैं।

Delhi Traffic Police challans 2024: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 2024 में 74 लाख से अधिक ट्रैफिक चालान और नोटिस जारी कर 46.29 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में लिखित उत्तर के दौरान दी। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक उल्लंघनों की संख्या में बढ़ोतरी के पीछे बढ़ता वाहन यातायात, नियमों का सख्त पालन और लोगों में जागरूकता की कमी जैसी वजहें शामिल हैं।  

2024 में कितने चालान और नोटिस जारी किए गए?

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने 2024 में 23.09 लाख ऑन-साइट चालान और 51.41 लाख नोटिस ऑनलाइन जारी किए, जिससे कुल 46.29 करोड़ रुपये की राशि जुर्माने के रूप में एकत्र की गई। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, चालान ट्रैफिक कर्मियों द्वारा मौके पर काटे जाते हैं, जबकि नोटिस ट्रैफिक उल्लंघन डिटेक्शन कैमरों के जरिए ऑनलाइन जनरेट होते हैं। 

पिछले पांच सालों में ट्रैफिक चालान और वसूली का आंकड़ा

पिछले पांच सालों में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान और वसूली का आंकड़ा लगातार उतार-चढ़ाव वाला रहा है। 2020 में सबसे अधिक 213 करोड़ की वसूली हुई थी, जब 10.99 लाख चालान और 85.94 लाख नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद, 2021 में 98.45 करोड़ (13.23 लाख चालान, 66.03 लाख नोटिस), 2022 में 74.46 करोड़ (14.69 लाख चालान, 59.87 लाख नोटिस), 2023 में 40.31 करोड़ (17.26 लाख चालान, 56.53 लाख नोटिस) और 2024 में 46.29 करोड़ (23.09 लाख चालान, 51.41 लाख नोटिस) वसूले गए। ये आंकड़े दिखाते हैं कि 2020 में लॉकडाउन के दौरान सबसे ज्यादा वसूली हुई थी, जबकि 2023 में यह घटकर 40.31 करोड़ रह गई। 

ट्रैफिक उल्लंघन के बढ़ने की खास वजहें

दिल्ली में ट्रैफिक उल्लंघन के बढ़ने के पीछे कई कारण हैं। बढ़ती आबादी और आर्थिक विकास के कारण वाहनों की संख्या में तेज वृद्धि हुई है, जिससे सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा है। इसके अलावा, कई वाहन चालक ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक नहीं होते, जिससे वे अनजाने में नियमों का उल्लंघन कर बैठते हैं। वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा सख्त प्रवर्तन के कारण चालान की संख्या में भी वृद्धि हुई है। आधुनिक तकनीक, जैसे ट्रैफिक कैमरे और ई-चालान प्रणाली, नियम तोड़ने वालों को पकड़ने में अधिक प्रभावी हो गए हैं, जिससे चालान और नोटिस की संख्या में इजाफा हुआ है।

ये भी पढ़ें: नोएडा में अचानक लेन बदलने पर लगेगा जुर्माना, जाम से मिलेगी निजात

रोड सेफ्टी और ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता अभियान

दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई जन-जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर रोड सेफ्टी प्रोग्राम आयोजित करना, सड़क यात्रियों के साथ जागरूकता अभियान चलाना, ड्राइवरों और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम की ट्रेनिंग देना शामिल है। इसके अलावा, कानूनों के सख्त प्रवर्तन के साथ-साथ सड़क सुरक्षा नियमों को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि यातायात नियमों के प्रति लोगों की समझ बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने की पंजाब के मंत्रियों और विधायकों संग बैठक 

jindal steel jindal logo
5379487