Logo
हरियाणा निकाय चुनाव के तहत भाजपा के नौ सीटों पर मेयर पद के उम्मीदवारों की शुक्रवार को दो लिस्ट जारी हुई। दूसरी लिस्ट में केवल गुरुग्राम से उम्मीदवार का नाम बदला गया। इनमें कई ऐसे नाम हैं, जिन्हें विधानसभा चुनाव में पुरजोर दावे के बावजूद टिकट नहीं मिला था।

haryna nagar nigam election : हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर BJP  के मेयर पद के उम्मीदवारों की शुक्रवार को दो लिस्ट वायरल हुई। प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने नाम से पहली लिस्ट शुक्रवार दोपहर को आई तो दूसरी रात को आई। दूसरी लिस्ट में केवल गुरुग्राम की प्रत्याशी का नाम बदला गया। पहली लिस्ट में महिला प्रदेशाध्यक्ष उषा प्रियदर्शी का नाम आया तो दूसरी लिस्ट में उनकी जगह पूर्व जिलाध्यक्ष तिलकराज मल्होत्रा की पत्नी राजरानी मल्होत्रा का। लिस्ट में कई ऐसे नाम हैं जो विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार थे, लेकिन किन्हीं कारणों से उन्हें टिकट नहीं मिल सका था। इन नामों में सबसे बड़ा नाम सोनीपत से पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के राजनीतिक सलाहकार रहे राजीव जैन का है। सोनीपत से कांग्रेस के मेयर रहे निखिल मदान के भाजपा ज्वाइन करने के बाद विधानसभा में पार्टी ने उन्हें टिकट दे दिया था। इसका राजीव जैन और उनकी पत्नी कविता जैन ने विरोध जताया था। हालांकि बाद में वह मान गए थे और चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया था। ऐसे में तब उनके त्याग के बदले अब मेयर का टिकट उन्हें मिल गया है। इसी तरह रोहतक से रामअवतार वाल्मीकि को टिकट दिया गया है। रामअवतार वाल्मीकि कलानौर से विधानसभा में टिकट के दावेदार थे, लेकिन उनकी जगह पूर्व मेयर रेणु डाबला को कलानौर से भाजपा ने मैदान से उतारा था। करनाल से रेणुबाला गुप्ता ने भी विधानसभा में टिकट न मिलने पर विरोध किया था। 

करनाल में दोबारा रेणुबाला पर दांव लगाया 

करनाल में मेयर पद पर दोबारा रेणु बाला गुप्ता पर भाजपा ने दांव लगाया है। इनके अलावा फरीदाबाद से प्रवीन जोशी, हिसार से प्रवीन पोपली, पानीपत से कोमल सैनी, यमुनानगर से सुमन बहमनी, अंबाला से सैलजा सचदेवा और गुरुग्राम से राजरानी मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाया गया है। दूसरी लिस्ट पर प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के हस्ताक्षर भी हैं।  

जानें कौन हैं मेयर पद के उम्मीदवार 

सोनीपत से टिकट पाने वाले राजीव जैन पूर्व सीएम मनोहर लाल और बंसी लाल के मीडिया एडवाइजर रह चुके हैं। उनकी पत्नी कविता जैन सोनीपत से 2009 और 2014 में विधायक रही थीं। 2014 में उन्हें मंत्री भी बनाया गया था। 

रोहतक से रामअवतार वाल्मीकि भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। तीन बार कलानौर से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन जीत नहीं मिली। 2024 में उनका टिकट काट दिया गया था। 

करनाल से दो बार मेयर रह चुकीं रेणुबाला गुप्ता को दोबारा मौका दिया गया है। इनके पति बृजपाल गुप्ता भाजपा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष हैं। विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर नाराज हुई थीं। 

यमुनानगर से सुमन बहमनी ने 2024 में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के पद से वीआरएस लेकर भाजपा का दामन थामा था। सुमन प्रदेश कार्यकारिणी एससी मोर्चा की सदस्य हैं। 

हिसार से प्रवीण पोपली को टिकट मिला है। इनका परिवार आरएसएस से काफी समय से जुड़ा है। प्रवीण नमो एप के प्रदेश सहसंयोजक हैं। इन्होंने पहले कोई चुनाव नहीं लड़ा। 

फरीदाबाद से प्रवीण जोशी को टिकट दिया गया है। प्रवीण हरियाणा बाल कल्याण आयोग की चेयरमैन हैं। इनका परिवार काफी समय से भाजपा में हैं। ससुर रमेश जोशी 1993 से 98 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। पति प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के करीबियों में गिनती होती है। 

पानीपत से पार्षद रह चुकीं कोमल सैनी को भाजपा ने मेयर पद के लिए टिकट दिया है। कोमल ओबीसी मोर्चा की प्रदेश सचिव हैं। इनके ससुर रामकुमार सैनी भी पार्षद रह चुके हैं। सीएम नायब सिंह सैनी से करीबी संबंध बताए जाते हैं। 

अंबाला से महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सैलजा सचदेवा को भाजपा ने मेयर चुनाव के लिए टिकट दिया है। सैलजा सचदेवा के पति एडवोकेट संदीप सचदेवा भाजपा के पुराने कार्यकर्ता हैं। वे नामित पार्षद हैं और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के भी करीबी रहे हैं। 

गुरुग्राम से उषा प्रियदर्शी का टिकट काटकर पूर्व जिलाध्यक्ष तिलकराज मल्होत्रा की पत्नी राजरानी मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाया गया है। पंजाबी समाज में इनके परिवार का काफी रुतबा है। आरएसएस से भी इनका परिवार जुड़ा है। 


 

jindal steel jindal logo
5379487