Kunal Kamra Controversy: कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुश्किलें और बढ़ गई। एकनाथ शिंदे पर बनाए 'पैरोडी सॉन्ग' का विवाद गहराता जा रहा है। महाराष्ट्र में शनिवार (29 मार्च) को कामरा पर 3 FIR दर्ज की गई। जलगांव की मेयर और नासिक के दो बिजनेसमैन ने कामरा पर केस दर्ज कराया है। शिकायत करने वालों ने कामरा पर एकनाथ शिंदे के नैतिक आचरण को बदनाम करने का आरोप लगाया है। साथ ही दो राजनीतिक दलों के बीच नफरत पैदा करने की भी शिकायत की है।
जानिए कैसे शुरू हुआ विवाद
कुणाल ने 22 मार्च को 'पैरोडी सॉन्ग' में एकनाथ शिंदे के राजनीतिक करियर पर कटाक्ष किया था। कामरा ने शिंदे को गद्दार कहा था। शिंदे पर बनाए 'पैरोडी सॉन्ग' को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद विवाद शुरू हो गया। रविवार (23 मार्च) की रात बवाल मचा। शिंदे समर्थकों ने कामरा के होटल में तोड़फोड़ की। मामले में कामरा के खिलाफ पहली एफआईआर शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने खार पुलिस थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने दो समन किए जारी
मुंबई पुलिस मामले में कामरा को 2 समन जारी कर चुकी है। पूछताछ के लिए पेश होने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया है। पहले समन के बाद कामरा ने एक हफ्ते का समय मांगा था, लेकिन पुलिस ने समय देने से इनकार कर दिया। इसके बाद कामरा ने दूसरा समन जारी किया।
HC ने दी अग्रिम जमानत
कुणाल कामरा ने अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दायर की। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने कामरा को सात अप्रैल तक के लिए अग्रिम जमानत दे दी है। कुणाल ने कोर्ट से कहा था कि वे तमिलनाडु के विल्लुपुरम के रहने वाले हैं। मुंबई गए तो गिरफ्तारी होगी। शिवसेना कार्यकर्ताओं से जान का खतरा है।
जानिए अब क्या करेगी पुलिस
जानकारों का कहना है कि पुलिस कामरा के खिलाफ दर्ज पहले मामले में सात अप्रैल तक गिरफ्तार नहीं कर पाएगी। पुलिस अब नए मामलों में पूछताछ के लिए कामरा को नए सिर से समन जारी करेगी।
इन थानों में दर्ज हुई FIR
मुंबई पुलिस ने शनिवार को बताया कि मयूर बोर्से ने नासिक के मनमाड, संजय भुजबल ने बुलढाणा के जलगांव जामोद में और सुनील जाधव ने नासिक के नांदगांव मनमाड में FIR दर्ज कराई है। शिकायत करने वालों ने आरोप लगाया है कि कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नैतिक आचरण को बदनाम किया। कामरा ने दो राजनीतिक दलों के बीच नफरत भी पैदा की है।