Logo
BJP vs Congress Over Ambedkar: गृह मंत्री अमित शाह के बाबा साहेब अंबेडकर पर दिए बयान को लेकर हंगामा तेज हो गया है। बीजेपी और कांग्रेस इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गए हैं। गुरुवार(19 दिसंबर) को दोनों पार्टियों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया।

BJP vs Congress Over Ambedkar: गृह मंत्री अमित शाह के बाबासाहेब अंबेडकर पर दिए बयान को लेकर हंगामा तेज हो गया है। इस मुद्दे पर बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने आ गई है। गुरुवार(19 दिसंबर) को संसद के शीतकालीन सत्र में भी इस मुद्दे को लेकर विपक्ष हंगामा कर सकता है। विपक्षी दलों ने शाह से माफी मांगने और पद से इस्तीफा देने की मांग की है। INDIA गठबंधन ने संसद भवन परिसर में अंबेडकर की प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकाला। वहीं, बीजेपी ने भी कांग्रेस पर अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।

नीले कपड़ों में संसद पहुंचे प्रियंका-राहुल
प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों नीले कपड़ों में संसद पहुंचे। प्रियंका गांधी नीले रंग की साड़ी में तो राहुल गांधी नीली टी-शर्ट पहने नजर आए। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस, टीएमसी और समाजवादी पार्टी के साथ ही इंडिया ब्लॉक में शामिल दूसरी पार्टियों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया।

गिरिराज सिंह बोले- कांग्रेस पार्टी पापी है
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह गुरुवार को कहा कि डॉ साहब का सबसे बड़ा पापी कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस ने बाबा साहब के साथ सबसे बड़ा पाप किया है। कांग्रेस पार्टी के पूरे खानदान ने भारत रत्न लिया लेकिन बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया। कांग्रेस अपने पाप को छुपाने के लिए जोर से बोल रही है। कांग्रेस पार्टी को अपने इस पाप के लिए मौन रहना चाहिए और माफी मांगना चाहिए। क्या राजीव गांधी, इंदिरा गांधी और नेहरू गांधी सबने भारत रत्न किया। कांग्रेस को जवाब देना होगा कि उन्होंने बाबा साहब को क्यों हराया। उन्हें क्यों अपमानित किया गया? कांग्रेस को इसका जवाब देना होगा।

राहुल गांधी के धक्के से घायल हुए बीजेपी एमपी
राहुल गांधी के धक्के से बीजेपी के एमपी प्रताप चंद्र सारंगी घायल हो गए। सारंगी ने कहा कि मैं सीढ़ी पर खड़ा था, राहुल गांधी ने एक एमपी को धक्का मारा, वह मेरे ऊपर आकर गिर गया। इसके बाद मैं नीचे गिर गया। सारंगी को सिर में चोटें आईं। इसके बाद प्रताप सारंगी को व्हीलचेयर पर बैठा कर इलाज के लिए ले जाया गया। 

प्रियंका गांधी ने शाह पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके मन में बाबासाहेब के लिए कोई सम्मान नहीं है। शाह की मानसिकता अंबेडकर की मूर्तियों को तोड़ने वाली सोच रखने वालों की तरह है। प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि जब उनके मन में अंबेडकर को लेकर आदर भाव ही नहीं है, तो वह संविधान और आरक्षण का समर्थन कैसे कर सकते हैं।

कांग्रेस और भाजपा में सोशल मीडिया पर जंग
18 दिसंबर को कांग्रेस ने अंबेडकर की तस्वीर के साथ प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने दावा किया है कि बीजेपी ने इस तस्वीर को एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है। कांग्रेस ने भाजपा पर अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। खड़गे ने अमित शाह के बयान पर प्रधानमंत्री मोदी से गृह मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। इस पर पीएम मोदी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को अंबेडकर विरोधी पार्टी बताया। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अंबेडकर को भारत रत्न देने से कांग्रेस ने इनकार किया था।

बुधवार को भी इस मुद्दे पर हुआ था हंगामा
बता दें कि इससे पहले बुधवार (18 दिसंबर) काे संसद की शीतकालीन सत्र के 19वें दिन की कार्यवाही के दौरान, विपक्षी सांसदों ने संसद में "जय भीम" और "माफी मांगो" के नारे लगाए। कांग्रेस ने अंबेडकर का अपमान बताकर शाह की टिप्पणी को संविधान विरोधी करार दिया। शाह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है। शाह के बयान को लेकर राज्यसभा और लोकसभा दोनों ही सदनों में विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया। 

"एक देश, एक चुनाव" पर JPC में प्रियंका गांधी
संसद में पेश हुए "वन नेशन, वन इलेक्शन" बिल की समीक्षा के लिए बनाई गई जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) में प्रियंका गांधी को शामिल किया गया है। लोकसभा और राज्यसभा के 31 सदस्यों की इस कमेटी में भाजपा, कांग्रेस, सपा, TMC, DMK और अन्य दलों के सांसद शामिल हैं। कांग्रेस की तरफ से मनीष तिवारी को भी नामित किया गया है।

jindal steel jindal logo
5379487