Logo
दिल्ली पुलिस ने एक वांटेड बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने 10 आपराधिक मामले सुलझाने का दावा किया है।

Delhi: दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास में वांटेड बदमाश को गिरफ्तार किया है। इस शातिर बदमाश को मोती नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसे राजू नाम के शख्स को गोली मारने के आरोप में पकड़ा गया है। आरोपी लूट, चोरी और झपटमारी के भी कई मामलों में शामिल बताया जाता है। पुलिस को इसके पास से तीन चोरी के वाहन एवं एक देशी कट्टा बरामद हुआ है। वहीं, इस वांटेड बदमाश की गिरफ्तारी से कुल 10 मामले सुलझाने का दावा पुलिस ने किया है।

दुश्मनी के चलते मारी थी गोली

डीसीपी विचित्र वीर के अनुसार, मोती नगर पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाश का नाम 20 वर्षीय यश है। इसने दुश्मनी के चलते राजू नामक व्यक्ति को गोली मारी थी। घायल सौभाग्य से बच गया था। गोली उसकी जांघ में लगी थी। फिर इसने ऑटो चोरी किया। बाद में दुपहिया वाहन चोरी के साथ-साथ लूट व झपटमारी भी शुरू कर दी।

आरोपी एक साथी का किया खुलासा

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के समय बदमाश के पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसे आरोपी ने तिलक नगर से चुराया था। इसके बाद एक बाइक थाना रूप नगर और एक बाइक थाना साउथ कैंपस से चोरी की गई बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपने एक साथी का खुलासा किया है। जिसका नाम अंकित उर्फ शूटर बताया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा अंकित और चोरी की संपत्ति के रिसीवर अरुण की गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस कर रही हैं।

5379487