Congress Woman Leader Murder: रोहतक में बीते दिन यानी शनिवार 1 मार्च को सांपला बस स्टैंड के पास एक लावारिस सूटकेस में 22 वर्षीय महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद मृतका की पहचान हिमानी नरवाल के रूप में हुई थी। हिमानी कांग्रेस पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता थी। कांग्रेस पार्टी की रैलियों और सामाजिक कार्यक्रमों में हरियाणवी लोक कलाकारों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेती थी। हिमानी की हत्या को लेकर उसके भाई और उसकी मां सविता का बयान सामने आया है। इसके अलावा हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने भी कांग्रेस नेता की हत्या पर बयान दिया है।
मेरी बेटी भूपेंद्र हुड्डा की पत्नी आशा के करीब थी- सविता ( मृतका की मां)
मृतका हिमानी नरवाल की मां सविता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। उनकी बेटी के पार्टी की वजह से कुछ दुश्मन बन गए। ये (अपराधी) पार्टी के भी हो सकते हैं, वे उनके दोस्त भी हो सकते हैं।' उन्होंने कहा कि उनकी बेटी पिछले 10 साल से कांग्रेस के लिए काम किया, वो पढ़ाई पर भी ध्यान नहीं देती थी, केवल पार्टी के लिए काम करती थी। पार्टी के कारण ही उनकी बेटी की रंजिश हो रही थी, लोगों को लगता था कि इतनी कम उम्र में इतना आगे बढ़ गई। सविता ने बताया कि 28 फरवरी को उनकी बेटी घर पर थी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी आशा हुड्डा (भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी) के बहुत करीब थी।
पार्टी के लिए बेटी ने जान दांव पर लगा दी- सविता
पारिवारिक विवाद के सवाल पर सविता ने कहा कि, हम थोड़ा डर में रहते थे। मैं अपने बेटे को यहां से बीएसएफ कैंप ले गई। मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या कर दी गई और हमें कभी न्याय नहीं मिला। इसलिए मैं उसकी जान बचाने के लिए उसे (दूसरे बेटे को) बीएसएफ कैंप ले गई। मृतका की मां ने कहा कि उनकी बेटी ने पार्टी के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी। उनकी बेटी घर में छिपकर रहती थी।
#WATCH | Body of a woman Congress worker found in a suitcase | Rohtak, Haryana: Savita, mother of deceased Himani Narwal says, "...Election and party claimed my daughter's life. She made some enemies due to that. These (perpetrators) could be even from the party, they could be… pic.twitter.com/cozG3xD4gB
— ANI (@ANI) March 2, 2025
कांग्रेस के कार्यकर्ता ने नहीं किया संपर्क- सविता और जतिन (मृतका का भाई)
इलेक्शन के बाद उनकी बेटी का पार्टी से थोड़ा मोहभंग हो गया था। उसने कहा कि वह नौकरी करना चाहती थी। वह पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती थी। सविता ने बताया कि उनकी बेटी शादी के लिए भी तैयार हो गई थी। वह एलएलबी कर रही थी। उन्होंने बताया कि जब से उनकी बेटी की हत्या हुई है कांग्रेस के किसी कार्यकर्ता का उन्हें फोन नहीं आया। किसी ने संपर्क करने की कोशिश नहीं की है।
जब तक न्याय नहीं मिलेगा, अंतिम संस्कार नहीं करेंगे- भाई और मां
मृतका के भाई जतिन ने मीडिया से कहा कि उनकी बहन ने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा भी की थी। मृतका के भाई और मां दोनों ने कहा है कि जब तक उनकी बेटी को इंसाफ नहीं मिल जाता, वह तब तक उसका अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। सविता ने यह भी बताया उन्होंने सुबह आशा हुड्डा को फोन किया था लेकिन मेरा फोन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
दूसरों को पीछे ढकेलना कांग्रेस की पुरानी आदत- अनिल विज
मीडिया से बात करते हुए हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या पर कहा कि, 'उनकी मां के आरोप गंभीर हैं। कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते आए हैं। जल्दी तरक्की करने के लिए दूसरों को पीछे ढकेलना कांग्रेस की पुरानी आदत है। पुलिस गहराई से इसकी जांच कर रही है। जो भी सच्चाई निकलेगी उसको अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।'
#WATCH अंबाला, हरियाणा: महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या पर हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा, "उनकी मां के आरोप गंभीर हैं। कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते आए हैं। जल्दी तरक्की करने के लिए दूसरों को पीछे ढकेलना कांग्रेस की पुरानी आदत है। पुलिस गहराई से इसकी जांच… pic.twitter.com/dFZ488XV9R
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 2, 2025