Logo
News in Brief, 11 February: मध्यप्रदेश में मंगलवार (11 फरवरी) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (Haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी। आइए एक नजर डालते हैं MP की छोटी-बड़ी खबरों पर...। 

News in Brief, 11 February: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update 

मोहन कैबिनेट की बैठक आज 
मध्य प्रदेश सरकार की आज कैबिनेट बैठक होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सुबह 11:15 बजे मंत्रालय में बैठक होगी। GIS को लेकर कैबिनेट की बैठक में 8 नई पॉलिसी को मंजूरी मिल सकती है। इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी, एक जिला एक उत्पाद की नई पॉलिसी, पर्यटन और फिल्म टूरिज्म की नई पॉलिसी, मल्टी स्टोरी एरिया देने के लिए पॉलिसी, एमएसएमई मैं स्टाफ की ट्रेनिंग पर 15 हजार तक का इंसेंटिव, ब्रांडिंग और पेटेंट के लिए सब्सिडी समेत कई नई पॉलिसी को कैबिनेट में चर्चा के बाद मंजूरी मिल सकती है।

सीएम आज 'नमोवन' का करेंगे भूमिपूजन 
CM डॉ. मोहन यादव मंगलवार को भोपाल के पहले हाईटेक पार्क 'नमोवन' के लिए भूमिपूजन करेंगे। लालघाटी के पास वीआईपी रोड किनारे 3 एकड़ में 6.99 करोड़ रुपए से पार्क विकसित होगा। अमृत-2.0 के तहत 400.27 करोड़ रुपए के सीवेज प्रोजेक्ट की शुरुआत भी की जाएगी। सीएम डॉ. यादव सीवेज प्रोजेक्ट के कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। 3 करोड़ रुपए से खरीदी गई 4 सीवर कम जेटिंग मशीनों और पुरानी बसों को बस स्टॉप में तब्दील करने के कार्य का लोकार्पण भी किया जाएगा।  

जीतू पटवारी आज जबलपुर और मंडला जाएंगे 
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी 11 फरवरी को जबलपुर होते हुए मंडला पहुंचेंगे। यहां विधायक के साथ एसडीएम द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के संबंध में जिला प्रशासन से मुलाकात करेंगे। शाहपुरा, डिंडौरी की विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। 12 फरवरी को पुष्पराजगढ़, अनूपपुर विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। पटवारी 13 फरवरी को जयसिंह नगर विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बुंदेलखण्ड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बुंदेलखण्ड के पांच जिलों को कवर करेंगे। इनमें विदिशा, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, दमोह जिला शामिल है। वे स्थानीय लोगों से संवाद कर कार्यकर्ताओं से चर्चा भी करेंगे। 

हरदा पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में आज होगी सुनवाई
हरदा के बैरागढ़ स्थित सोमेश पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट मामले में मंगलवार को सुनवाई होगी। इसमें कलेक्टर आदित्य सिंह खुद उपस्थित होकर जिला प्रशासन का पक्ष रखेंगे। कलेक्टर मामले में अब तक प्रभावितों को विभिन्न मदों से दी गई मदद के बारे में जानकारी देंगे। इसके अलावा एनजीटी के आदेश के पालन में की गई कार्रवाई का भी ब्यौरा रखेंगे। मालूम हो कि 6 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे एक के बाद एक तीन ब्लास्ट हुए थे। जिसमें 13 लोगों की मौत हुई थी। एक व्यक्ति लापता है। ब्लास्ट के बाद एनजीटी ने स्वत:संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को 15-15 लाख रूपए देने के आदेश दिए थे।  

इसे भी पढ़ें:  Bhopal News in Brief, 11 February: भोपाल में आज कहां क्या हुआ? एक क्लिक में पढ़ें जरूरी खबरें

MP के सभी आयुर्वेद कॉलेजों में बनेंगे औषधीय उद्यान 
मध्य प्रदेश में सभी शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेजों में औषधियां बनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए सभी कॉलेजों में आयुर्वेद फार्मेसी बनाई जाएगी। प्सभी कॉलेजों में औषधीय पौधों का उद्यान भी विकसित किया जाएगा। इससे दवाएं बनाने के लिए कुछ कच्चा माल उद्यान से भी मिल सकेगा। प्रदेश में अभी सात शासकीय आयुर्वेद कॉलेज संचालित हैं। यह कॉलेज भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन और बुरहानपुर में हैं। आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार के अनुसार इन सभी कॉलेजों में फार्मेसी और औषधीय उद्यान बनाने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। 

बाबा महाकाल का दिव्य शृंगार 
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के कपाट मंगलवार सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। बाबा महाकाल फूलों की माला और आभूषणों से दिव्य शृंगार किया गया।  भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। 

undefined

ईएसवी की पहली भर्ती परीक्षा 15 फरवरी से
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसवी) इस साल 15 भर्ती और 5 प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करेगा। नई शुरुआत के तहत पहली परीक्षा स्टाफ नर्स संयुक्त भर्ती परीक्षा 15 फरवरी को होगी। प्रदेश में इस साल 15000 पदों के लिए अलग-अलग विभागों में भर्ती की जाएगी। इन परीक्षाओं में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए चार एजेंसियां नियुक्त की हैं। यह सभी एजेंसियां अलग-अलग काम करेंगी। एक एजेंसी प्रश्न बैंक बनाएगी, दूसरी एग्जाम के दौरान सिंग्नल जाम करेगी, तीसरी सिक्योरिटी की जिम्मेदारी संभालेगी और चौथी एग्जाम कंडक्ट कराएगी।

मंत्री टेटवाल आज छात्रावास का करेंगे लोकार्पण
कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल संत रविदास जयंती पर एक दिन पूर्व 11 फरवरी को संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में नव निर्मित छात्रावास का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 400 छात्राओं के लिए कम्प्यूटर प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ भी करेंगे। मंत्री टेटवाल ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आत्म निर्भरता और श्रम की प्रतिष्ठा का मार्ग प्रशस्त करती हैं, जिसे साकार करने के लिए युवाओं को तकनीकी शिक्षा से सशक्त किया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा संत रविदास के आदर्शों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी जाएगी।

अखिल भारतीय रूपक महोत्सव आज से शुरू
अखिल भारतीय रूपक महोत्सव का आयोजन राजधानी भोपाल में हो रहा है। 11 से 14 फरवरी तक सुबह 9:30 से शाम 8 बजे तक संस्कृत सहित अन्य भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं में नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के साथ-साथ मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रवींद्र भवन के अंजनी सभागार में होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन 11 फरवरी को सुबह 10 से 11:30 बजे तक होगा। इसके बाद नाट्यशास्त्र अनुसंधान केंद्र भोपाल परिसर के द्वारा रंगदैवतपूजन्च नामक पूर्व रंग की प्रस्तुति दी जाएगी। महोत्सव में 20 नाटकों की प्रस्तुति होगी।  

MP में जैविक खेती को बढ़ाने का काम करेंगी सहकारी समितियां
मध्य प्रदेश में अब प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां पैक्स जैविक खेती को बढ़ावा देने का काम भी करेंगी। केन्द्र की सहकारिता से समृद्धि योजना के तहत पैक्स को बहुउद्देश्यीय बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए इनका उपयोग किया जाएगा। इनके सदस्य न केवल खुद जैविक खेती करेंगे बल्कि अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। समितियां उनके उत्पादों की खरीदी-बिक्री का भी काम करेंगी। इससे उन्हें अपनी जैविक फसलें बेचने में परेशानी नहीं होगी। पैक्स शहरों में जैविक उत्पादों के स्टोर भी खोलेंगी ताकि लोगों को जैविक उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकें।

WhatsApp पर खसरा-खतौनी की नकल
मध्य प्रदेश वासियों के लिए अच्छी खबर है। जमीन के खसरा-खतौनी की नकल के लिए 181 पर कॉल करें। नकल आपको एसएमएस व WhatsApp पर आएगी। सीएम जनसेवा लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 इसका संचालन 181 के माध्यम से किया जा रहा है। सीएम जन सेवा के माध्यम से इनमें स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, चालू खसरा की प्रतिलिपि, खतौनी की प्रतिलिपि, चालू नक्शा की प्रतिलिपि, भू-अधिकार पुस्तिका की प्रतिलिपि और स्पेसिमेन कॉपी (खसरा, खतौनी एवं नक्शा) टोल-फ्री नंबर 181 पर एक कॉल पर से उपलब्ध कराई जा रही है।

जेईई मेन सेशन के आवेदन 24 तक होंगे जमा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2025 सेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से 24 फरवरी तक आवेदन किए जा सकेंगे। छात्र-छात्राएं रात 9 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। फीस भुगतान की सुविधा रात 11.50 बजे तक रहेगी। यह परीक्षा 1 से 8 अप्रैल के बीच होने की संभावना है।

5379487