Logo
News in Brief, 17 February: मध्यप्रदेश में सोमवार (17 फरवरी) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (Haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी। आइए एक नजर डालते हैं MP की छोटी-बड़ी खबरों पर...। 

News in Brief, 17 February: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

MP में गिद्धों की गिनती आज से शुरू होगी 
मध्यप्रदेश में गिद्धों की गिनती का काम सोमवार से शुरू होगा। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वन विभाग के करीब 900 कर्मचारी और वॉलंटियर्स यह काम करेंगे। यह काम केवल दिन में किया जाएगा। गिद्धों की कम होती संख्या के चलते इनके संरक्षण के लिए कदम उठाए गए। इसके परिणामों का आंकलन गिद्धों की गिनती कर किया जाएगा। गिनती दो चरणों में होगी। पहाड़ी हिस्सों में खास फोकस रहेगा। बैठे गिद्धों को गिना जाएगा। ये गिनती सुबह सात से आठ बजे तक होगी। इसमें एक घंटा और बढ़ाने की संभावना रखी है।  

MP के डॉक्टर 20 से करेंगे आंदोलन 
मध्यप्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में पदस्थ चिकित्सक मांगें पूरी नहीं होने के चलते 20 फरवरी से अपना आंदोलन शुरू करेंगे। इसके तहत 20-21 फरवरी को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। 22 को प्रदेश के सभी चिकित्सक आधा घंटे के लिए असहयोग आंदोलन के साथ काम बंद कर बाहर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान चिन्हित अस्पतालों पर अमानक दवाइयों की सांकेतिक होली भी जलाई जाएगी। 24 को प्रदेशव्यापी सामूहिक उपवास कर एक घंटे काम बंद कर बाहर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। इसके बाद 25 फरवरी से प्रदेश भर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री आज पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को 24वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्टस प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। मध्यप्रदेश पुलिस की मेजबानी में 17 से 21 फरवरी तक भोपाल के बोट क्लब बड़ा तालाब में प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में 22 राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों और केन्द्रीय सशस्त्र बलों के 557 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसमें 132 महिला खिलाड़ी भी शामिल होंगी। प्रतियोगिता में मेजबान मध्यप्रदेश पुलिस के अलावा असम, मणिपुर, बिहार, उत्तरप्रदेश, उत्तराखण्ड, राजस्थान, तमिलनाडू, तेलंगाना, पंजाब, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, जम्मू एण्ड कश्मीर, ओडिशा सहित 22 टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 

जीआइएस के लिए 28711 रजिस्ट्रेशन 
राजधानी भोपाल में 24-25 फरवरी को होने जो रही ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2025 के लिए रजिस्ट्रेशन शनिवार को बंद कर दिए गए हैं। जीआइएस के लिए कुल 28 हजार 711 उद्यमियों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। समिट का उद्घाटन 24 फरवरी को सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। उद्घाटन समारोह में केवल 3 हजार उद्योगपति और अन्य लोग ही शामिल होंगे। पहले दिन की अलग-अलग समिट, प्रदर्शनी आदि में लगभग 12 हजार लोग शामिल होंगे। दूसरे दिन संख्या काफी बढ़ जाएगी क्योंकि इस दिन कुछ डिपार्टमेंटल समिट के साथ थीमेटिक सेशन भी होंगे। इसमें अधिकांश एमएसएमई या छोटे उद्योगों वाले उद्यमी रहेंगे।

12 निरीक्षकों के तबादले
भोपाल पुलिस मुख्यालय ने 12 निरीक्षकों के तबादले किए हैं। इनमें ईओडब्यू भोपाल में पदस्थ मुकेश तिवारी निरीक्षक को पीएचक्यू पदस्थ किया है। इसी तरह अजय मार्को को भोपाल, गोपाल निंगवाल को इंदौर, तिलक करोले को इंदौर, अंजली अग्निहोत्री को दमोह, पल्लवी पाण्डे को भोपाल, रवि ठाकुर को राजगढ़, रेनु मिश्रा को मैहर, राजेश डाबर को अलीराजपुर, संगीता बरिया को खरगोन, पूजा परिहार को राजगढ़, सोनल पाण्डे को रेल जबलपुर पदस्थ किया है।

पीएम मोदी 23 व 24 को MP में रहेंगे, अमित शाह 25 को आएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में 24 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआइएस) 2025 का शुभारंभ करेंगे। 23 फरवरी को छतरपुर के बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल की नींव भी रखेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 फरवरी को जीआइएस के समापन अवसर पर शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को बागेश्वर धाम जाएंगी।

रतलाम का वुल्फमैन ललित का नाम गिनीज बुक में दर्ज 
रतलाम के बालों की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित ललित पाटीदार का नाम गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड्स में शामिल हो गया। जन्म से ही पूरे शरीर पर घने बाल उगने की वेयरवोल्फ सिंड्रोम नामक दुर्लभ बीमारी थी। मेडिकल एक्सपर्ट की टीम ने उसके चेहरे पर 201.72 प्रति वर्ग सेमी बाल नापे। ये दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद 13 फरवरी को इटली के मिलान शहर में लो शो देई रिकॉर्ड के सैट पर ललित को अवॉर्ड सौंपा। बता दें कि नांदलेटा गांव निवासी 19 साल के ललित को जन्म के साथ ही शरीर पर घने बाल की अजीब बीमारी थी। इसके चलते उन्हें बचपन में बहुत कुछ सहना पड़ा। 

जीएनएम-एएनएम परीक्षाएं 1 अप्रैल से 
मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने 2022-23 सत्र के जीएनएम और एएनएम नर्सिंग परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 1 अप्रेल से 8 अप्रैल 2025 तक चलेंगी। इसके बाद 11 से 17 अप्रैल तक प्रायोगिक परीक्षाएं होंगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने गुरुवार को मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा था। यह छात्र-छात्राएं पिछले तीन साल से प्रथम वर्ष की परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा नहीं होने से विद्यार्थी परेशान थे।

हरदा पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में अगली सुनवाई 28 को
हरदा के बैरागढ की पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट के मामले की एनजीटी में अगली सुनवाई 28 फरवरी को होगी। हादसे के प्रभावित परिवारों की ओर कोर्ट में पैरवी करने वाले पैनल में शामिल एडवोकेट अवनी बंसल ने बताया कि 11 फरवरी को सुनवाई हुई। इसमें एनजीटी ने जिला प्रशासन को बिना रुके मुख्य आरोपी राजेश उर्फ राजू अग्रवाल की कुर्क संपत्ति की नीलामी के लिए कहा है। इसके अलावा पीड़ितों की सूची को लेकर आरोपी पक्ष की तरफ से लगाई आपत्ति में कमी बताने के लिए भी एक सप्ताह का समय दिया है।  

5379487